Vistaar NEWS

CG News: पेंड्रा में हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, पारिवारिक विवाद में किया हाई वोल्टेज ड्रामा, 3 घंटे बाद उतरा

A young man climbed a tower and created a scene.

युवक ने टावर पर चढ़कर किया ड्रामा

CG News: छत्तीसगढ़ के पेंड्रा इलाके में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक अचानक हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया. ऊंचाई पर युवक को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. यह घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोड़गार चौकी अंतर्गत जिल्दा गांव की बताई जा रही है.

पारिवारिक विवाद बना वजह

जानकारी के मुताबिक, करीब 24 वर्षीय युवक, जो एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने गया था, किसी घरेलू विवाद के कारण तनाव में आ गया. उसने अपनी पत्नी से साथ घर लौटने की बात कही, लेकिन पत्नी के मना करने पर वह नाराज हो गया. इसी गुस्से और मानसिक तनाव में आकर वह गांव के पास स्थित करीब 500 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया.

मौके पर जुटी भीड़

युवक को टावर पर चढ़ता देख ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही कोड़गार चौकी पुलिस और पसान थाना की टीम मौके पर पहुंची. इस दौरान टावर के नीचे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी और सभी उसकी सलामती के लिए दुआ कर रहे थे.

तीन घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

करीब तीन घंटे तक चले इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों ने लगातार युवक को समझाने की कोशिश की. काफी मशक्कत और समझाइश के बाद युवक धीरे-धीरे नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ. आखिरकार दोपहर तक उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली.

अस्पताल में कराया गया इलाज

नीचे उतरने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसे देखते हुए पुलिस तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसका इलाज और जांच की गई. पूछताछ में युवक ने बताया कि पारिवारिक तनाव और पत्नी के व्यवहार से आहत होकर उसने यह कदम उठाया था.

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक को घर भेज दिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है. बताया जा रहा है कि युवक की शादी कुछ साल पहले हुई थी और उसके परिवार में पहले से ही कुछ व्यक्तिगत परेशानियां चल रही थीं, जिसके चलते वह मानसिक रूप से परेशान था.

ये भी पढे़ं- CG News: बालोद में धूं-धूं कर जली बारातियों से भरी बस, खिड़की से कूदकर लोगों ने बचाई अपनी जान

Exit mobile version