Karanvir Bohra Father Death: टेलीविजन के मशहूर एक्टर करणवीर बोहरा पर दुखों का पहाड़ टूट गया है. उनके पिता और फिल्म प्रोड्यूसर महेंद्र बोहरा का निधन हो गया है. सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर उन्होंने वीडियो पोस्ट करके श्रद्धांजलि दी है. उन्होंने लंबी सी पोस्ट में लिखा कि कैसे पिता का उनकी जिंदगी में अहम भूमिका रही है. हर सुख और दुख में छाव बनकर खड़े रहे हैं.
करणवीर ने भावुक पोस्ट में क्या लिखा?
सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पोस्ट में करणवीर ने लिखा कि पापा मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं. मुझे आपकी कमी आपके शब्दों से ज्यादा खलेगी. जिस किसी ने भी अपने माता-पिता को खोया है, वह जानता है कि ये कितना बड़ा दर्द है. इस दर्द में भी मुझे ये जानकर सुकून मिलता है कि आपने अपनी जिंदगी शांति से जी है. आप हमें वैसे ही छोड़कर गए हैं, जैसा आप हमेशा से चाहते थे…शांति से और बिना किसी तकलीफ के.
‘आपका जज्बा अजेय था’
करणवीर ने पोस्ट में आगे लिखा कि आपने दीदी और मुझे वह सब कुछ सिखाया जो सच में मायने रखता है. उम्मीद बनाए रखना, चाहे ज़िंदगी कितनी भी मुश्किल क्यों न हों, गिरकर दोबारा खड़े होना. एनर्जी, पैशन, पॉजिटिविटी के साथ जीना. कभी हार न मानना. आपका जज्बा अजेय था और आपने यह पक्का किया कि वो जज्बा मुझमें भी ज़िंदा रहे.
‘…मेरा दिल तुझ पर कुर्बान’
सोशल मीडिया पोस्ट में करणवीर ने लिखा कि आपने मुझे सपने देखना सिखाया था. एक प्रोड्यूसर का एक्टर बनना, अपना शॉट पूरा किए बिना कभी सेट नहीं छोड़ना. आपने मुझे कुछ बनाना सिखाया. आपने मुझे दयालु बनना सिखाया. आपने मुझे खुद को स्टाइल और ग्रेस के साथ पेश करना सिखाया, ठीक वैसे ही जैसे आप करते थे. सिर्फ़ हमारे कपड़े पहनने के तरीके में ही नहीं, बल्कि लोगों के साथ हमारे बर्ताव में भी.
ये भी पढ़ें: प्रियंका चोपड़ा ने अपने और निक जोनस के ‘रोके’ के दिनों की यादें ताजा की, सेरेमनी के इमोशनल पल शेयर किए
उन्होंने आगे लिखा कि आपके बारे में बात करने वाला इंसान एक ही बात कहता है कि आप कितने अच्छे इंसान थे, और वे सही कहते थे. दीदी और मुझे बहुत गर्व है और हम धन्य हैं. हम हमेशा शुक्रगुजार रहेंगे कि मैं आपका बेटा और दीदी आपकी बेटी रहीं. पापा… मेरी जान, मेरा दिल तुझ पर क़ुर्बान. अब आप अपने अगले सफर पर जाइए, मैं यहां सब कुछ संभाल लूंगा.
