Emotional Note For Fans: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 23 जून को दूसरे चरण के कार्यक्रम में कुल 65 लोगों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया. संगीत के क्षेत्र में शानदार काम करने के लिए फेमस गायिका अलका याग्निक को देश का प्रतिष्ठित ‘पद्म भूषण’ अवॉर्ड दिया गया है. यह बड़ा सम्मान पाने के बाद अलका याग्निक काफी भावुक हो गईं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर फैंस को धन्यवाद कहा और साथ ही अपनी तबीयत से जुड़ा एक जरूरी अपडेट भी शेयर किया.
अलका याग्निक का इमोशनल पोस्ट
पद्म भूषण सम्मान लेने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पास पहुंचीं 60 वर्षीय मशहूर गायिका अलका याग्निक को मंच पर चढ़ने के लिए किसी के सहारे की जरूरत पड़ी. सोशल मीडिया पर इस सीन का वीडियो सामने आने के बाद उनके फैंस बहुत परेशान और चिंतित हो गए.
इस बढ़ती चिंता को देखते हुए अलका याग्निक ने खुद अपनी एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए स्वास्थ्य की जानकारी शेयर की है. उन्होंने बताया कि वे पिछले दो सालों से सेहत से जुड़ी गंभीर समस्याओं का सामना कर रही हैं और यही वजह है कि वे लंबे समय से लाइमलाइट से दूर थीं.
पद्म भूषण पाकर भावुक हुईं अलका याग्निक
अलका याग्निक ने बताया कि वे खराब स्वास्थ्य के कारण पिछले दो वर्षों से मीडिया और यात्राओं से पूरी तरह दूर थीं, लेकिन इस मुश्किल समय में फैंस का प्यार और संदेश हमेशा उनके साथ रहे. प्रतिष्ठित पद्म भूषण सम्मान पाकर वे बहुत भावुक और कृतज्ञ महसूस कर रही हैं. गायिका का मानना है कि भले ही इस बड़े सम्मान पर उनका नाम लिखा है, लेकिन असल में यह उन सभी करोड़ों फैंस का है जिन्होंने पीढ़ियों से उनके गानों को पसंद किया और हर सुख-दुख में उनका साथ दिया.
ये भी पढ़ें-तृषा ने थलापति विजय को किया अनफॉलो? CM बनने के बाद पहले बर्थडे पर भी नहीं दी बधाई
बीमारी से उबरकर सामान्य हो रही हैं अलका
अलका याग्निक के अनुसार यह पल उनके लिए बहुत खास है. यह सम्मान सिर्फ उनके काम की सराहना नहीं है, बल्कि यह याद दिलाता है कि प्यार, उम्मीद और हिम्मत में कितनी ताकत होती है. वे अब धीरे-धीरे बीमारी से उबरकर वापस सामान्य हो रही हैं. वे इस समारोह में सिर्फ खुद के लिए नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के सम्मान में शामिल होना चाहती थीं जो उनके इस पूरे सफर के साथी रहे हैं.
