मुंबई. स्टार प्लस ने अपनी आगामी सुपरनैचुरल फैंटेसी गाथा ‘अप्सरा’ का पहला लुक जारी कर दिया है. समीक्षा जायसवाल और पारस कलनावत की मुख्य भूमिकाओं वाले इस शो में पौराणिक कथा को नए अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा. शो का प्रसारण 21 अक्टूबर से रात 10:30 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर शुरू होगा.
समुद्र मंथन से अप्सराओं और अमृत की उत्पत्ति की पौराणिक कथा से प्रेरित इस कहानी में कल्पना का नया संसार रचा गया है. कथा के अनुसार अमृत आज भी मौजूद है और उसकी रक्षा की जिम्मेदारी अप्सराओं के पास है. अमृत कलश को हासिल करने के लिए बुरी ताकतें किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं. ऐसे में अप्सराओं को अमृत को गलत हाथों में जाने से बचाने के लिए संघर्ष करना होगा.
शो के पहले लुक में अप्सरा की शक्तियों की झलक दिखाई गई है. कहानी की केंद्रीय पात्र सुनहरी का किरदार समीक्षा जायसवाल निभा रही हैं. उनके सामने अमृत की रक्षा के साथ-साथ अपने प्रियजनों को सुरक्षित रखने की दोहरी चुनौती होगी. शो में अनुष्का मर्चेंडे, अदा खान, अविका गौर, मोना वासु और पूर्वा गोखले भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगी. शो का निर्माण मुक्ता धोंड ने किया है.
समीक्षा जायसवाल ने अपने किरदार को लेकर कहा कि सुनहरी की पहचान केवल उसकी सुंदरता तक सीमित नहीं है. उसे बुरी ताकतों से अमृत की रक्षा की बड़ी जिम्मेदारी मिली है. इसके साथ ही वह अपने करीबियों को भी सुरक्षित रखना चाहती है. उसके साहस, भावनाओं और फैसलों के जरिए उसके व्यक्तित्व के अलग-अलग पहलू सामने आएंगे. समीक्षा के मुताबिक सुनहरी किसी नायक के आने का इंतजार नहीं करती, बल्कि खुद अपनी कहानी की नायिका है. बता दें कि अप्सरा 21 अक्टूबर से रात 10:30 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होगा.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः शाहरुख-काजोल का ये सदाबहार गाना सुनते हैं पीएम मोदी, 28 साल बाद भी लिस्ट में है टॉप पर
