Akshara Singh: भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार एक्ट्रेस और सिंगर अक्षरा सिंह ने इंडस्ट्री की उस धारणा को तोड़ने का काम किया है, जिसमें कहा जाता था कि किसी फीमेल एक्टर की पहचान मेल एक्टर से होती है. अक्षरा ने इस ट्रेंड को बदला और अपनी मेहनत, प्रतिभा और दमदार मौजूदगी से खुद की अलग पहचान बनाई. यही वजह है कि वे समय-समय पर अपनी उपलब्धियों को लेकर सुर्खियों में बनी रहती हैं.
एक बार फिर अक्षरा सिंह चर्चा में हैं और इस बार वजह है बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार के साथ उनकी खास तस्वीर. अक्षरा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से फोटो शेयर करते हुए लिखा – “When Khiladi Meets Mrignayani… और कहानी अभी बाकी है. सरप्राइज लोडिंग अक्षय कुमार सर.” बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर अटकलों का बाजार गर्म हो गया.
वायरल तस्वीर ने बढ़ाई उत्सुकता
तस्वीर में अक्षरा ब्लू कलर की स्टाइलिश ड्रेस में नजर आ रही हैं, जबकि अक्षय कुमार ग्रीन शर्ट और कैप में दिखाई दे रहे हैं. दोनों की केमिस्ट्री और मुस्कान ने फैंस को खासा एक्साइटेड कर दिया है. अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या यह किसी फिल्म का संकेत है? या फिर कोई म्यूजिक वीडियो आने वाला है? या फिर किसी बड़े ब्रांड के साथ कोलैबोरेशन? फिलहाल अक्षरा ने सस्पेंस बरकरार रखा है और यही सस्पेंस फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा रहा है.
बड़े सितारों के साथ बढ़ता कद
दिलचस्प बात यह है कि अक्षरा सिंह अब उन चुनिंदा सितारों में शामिल हो चुकी हैं, जो अलग-अलग फिल्म इंडस्ट्री के बड़े नामों के साथ नजर आ चुकी हैं. इससे पहले वे ‘पुष्पा’ फेम साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के साथ स्टेज शेयर कर चुकी हैं. बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान का इंटरव्यू भी कर चुकी हैं. इसके अलावा साउथ के स्टार विजय देवरकोंडा के साथ वे फिल्म प्रमोशन का हिस्सा भी रह चुकी हैं. लगातार बड़े नामों के साथ उनकी मौजूदगी यह दिखाती है कि वे केवल भोजपुरी सिनेमा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यापक पहचान की ओर बढ़ रही हैं.
क्या बॉलीवुड में होगा बड़ा धमाका?
अब अक्षय कुमार के साथ उनकी मौजूदगी ने यह संकेत दे दिया है कि वे क्षेत्रीय सिनेमा से निकलकर पैन-इंडिया पहचान बनाने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा रही हैं. गॉसिप गलियारों में चर्चा है कि अक्षरा जल्द ही किसी बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बन सकती हैं. क्या भोजपुरी की ‘मृगनयनी’ अब बॉलीवुड में बड़ा धमाका करने जा रही हैं? फिलहाल फैंस उस “बड़े सरप्राइज” का इंतजार कर रहे हैं, जिसकी झलक अक्षरा ने दे दी है. इतना तो तय है कि कहानी वाकई अभी बाकी है.
ये भी पढे़ं- रश्मिका-विजय सात जन्मों के बंधन में बंधे, शादी की खूबसूरत तस्वीरें आईं सामने
