Vistaar NEWS

‘पंचायत’ के सचिव जी बने ‘मिर्जापुर’ के नए बाहुबली! क्या ‘बबलू भैया’ बनकर जितेंद्र कुमार जमा पाएंगे भौकाल?

Jitendra Kumar

क्या जितेंद्र कुमार भौकाल जमाने में सफल होंगे

Phuera Sachiv Ji New Avatar: वेब सीरीज ‘पंचायत’ में सीधे-साधे ‘सचिव जी’ का रोल निभाकर घर-घर में मशहूर हुए एक्टर जितेंद्र कुमार अब एक बिल्कुल नए अंदाज में नजर आने वाले हैं. वह जल्द ही ‘मिर्जापुर द फिल्म’ में बंदूक थामे, गैंगवार और भारी-भरकम ‘भौकाल’ के बीच दिखाई देंगे. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जितेंद्र कुमार इस फिल्म में ‘बबलू पंडित’ का किरदार निभा रहे हैं.

याद दिला दें कि ‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज के पहले सीजन में इस किरदार को विक्रांत मैसी ने निभाया था और अपनी बेहतरीन एक्टिंग से इसे हमेशा के लिए यादगार बना दिया था. अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘सचिव जी’ इस क्राइम थ्रिलर फिल्म में विक्रांत मैसी के उस आइकॉनिक रोल को कितना टक्कर दे पाते हैं.

OTT का पोस्टर बॉय बनने तक का सफर

राजस्थान के अलवर के रहने वाले जितेंद्र कुमार ने IIT खड़गपुर से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है. कॉलेज के दिनों में ही उन्हें एक्टिंग का शौक जागा, जहां उनकी मुलाकात ‘द वायरल फीवर’ (TVF) के बिस्वपति सरकार से हुई. इसके बाद जितेंद्र ने इंजीनियरिंग छोड़कर एक्टिंग की दुनिया चुनी. उन्होंने शुरुआती दिनों में TVF के ‘पिचर्स’ और ‘परमानेंट रूममेट्स’ जैसे पॉपुलर शोज में काम करके अपनी पहचान बनाई.

हालांकि, उन्हें असली पहचान ‘कोटा फैक्ट्री’ के ‘जीतू भैया’ बनकर मिली, जिसने उन्हें युवाओं का पसंदीदा बना दिया. इसके बाद ‘पंचायत’ वेब सीरीज के ‘सचिव जी’ के रोल ने उन्हें OTT की दुनिया का सबसे बड़ा और भरोसेमंद स्टार बना दिया.

क्या जितेंद्र कुमार भौकाल मचा पाएंगे?

जितेंद्र कुमार की काबिलियत और उनकी बेहतरीन एक्टिंग पर किसी को कोई शक नहीं है. उन्होंने हमेशा अपनी एक्टिंग से किरदारों को सच साबित किया है. हालांकि, ‘मिर्जापुर’ की दुनिया में सिर्फ अच्छी एक्टिंग ही काफी नहीं होती. वहां स्क्रीन पर एक तगड़ा स्वैग, कड़क डायलॉग और जबरदस्त ‘भौकाल’ दिखाना बहुत जरूरी है. तब जाकर एक अलग पहचान बनेगी. अगर एक्टर जितेंद्र कुमार इन सभी चीजों का सही तरीके से पर्दे पर दिखाने में कामयाब रहे, तो वह दिन दूर नहीं जब लोग उन्हें सिर्फ सीधे-साधे ‘सचिव जी’ नहीं, बल्कि ‘बबलू भैया’ के रूप में भी याद रखेंगे.

ये भी पढ़ें-2 साल से लाइमलाइट से दूर थीं अलका याग्निक, पद्म भूषण पाकर फैंस के लिए लिखा इमोशनल नोट

फिल्म मिर्जापुर में कौन-कौन नजर आएगा?

हाल ही में मेकर्स ने ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का पोस्टर और टीज़र दोनों रिलीज़ किया है. टीज़र के आते ही फिल्म की चर्चा चारों तरफ होने लगी है. इंटरनेट पर सिर्फ मुन्ना भैया का भौकाल ही नज़र आ रहा है. बता दें कि इस फिल्म में अली फजल, पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु शर्मा, श्वेता त्रिपाठी और रसिका दुग्गल जैसे बड़े और लोकप्रिय सितारे नज़र आने वाले हैं. इस बार की कहानी OTT पर नहीं, बल्कि बड़े पर्दे पर दिखाई जाएगी और यह पहले से कहीं ज़्यादा दिलचस्प रहने वाली है.

वहीं सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जितेंद्र कुमार सीधे-साधे ‘सचिव जी’ के रोल से बाहर निकलकर मिर्जापुर की खून-खराबे वाली दुनिया में कितना भौकाल जमा पाते हैं. यह एक्शन थ्रिलर फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.

Exit mobile version