Rajpal Yadav: राजपाल यादव ने हाल ही में उन खबरों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है जिनमें कहा गया था कि सोनू सूद ने उनके लिए काम मांगा था. जेल से बाहर आने के बाद राजपाल ने स्पष्ट किया कि उन्हें काम मांगने की जरूरत नहीं पड़ती, क्योंकि सिनेमा ही उनका जुनून है और वह अपने काम के प्रति इतने समर्पित हैं कि उन्हें लगातार नए अवसर मिलते रहते हैं. उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि काम हमेशा उनके पास खुद आता है और वह छुट्टियों में भी व्यस्त रहते हैं, इसलिए उनके बारे में ऐसी गलतफहमी नहीं पालनी चाहिए.
राजपाल यादव फिल्म को लेकर क्या बोले?
राजपाल यादव ने अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स की जानकारी देते हुए बताया कि इस साल वह प्रियदर्शन की फिल्म ‘भूत बंगला’ में नजर आएंगे. इसके साथ ही वह ‘वेलकम टू द जंगल’ का भी हिस्सा हैं, जिसमें उनके साथ 27 दूसरे कलाकार भी काम कर रहे हैं. उन्होंने ‘हैवान’ नाम की फिल्म में भी एक छोटा लेकिन प्रभावशाली रोल निभाया है. इसके अलावा, उनके पास दो वेब सीरीज और दो दूसरी फिल्में भी काम करने के लिए हैं, जिनके बारे में उन्होंने कहा कि इनकी जानकारी अभी मैं नहीं दे सकता हूं.
सोनू सूद क्या बोले थे?
जब राजपाल यादव मुश्किल दौर से गुजर रहे थे, तब सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में एक बहुत ही भावुक संदेश लिखा था. सोनू ने उन्हें इंडस्ट्री का एक बेहद प्रतिभाशाली एक्टर बताया और कहा कि कई बार किस्मत खराब होने की वजह से इंसान को ऐसे दिन देखने पड़ते हैं. उन्होंने कहा था कि राजपाल उनकी फिल्म का हिस्सा होंगे और उन्होंने सभी प्रोड्यूसर्स और डायरेक्टर्स से अपील की कि वे एकजुट होकर उनकी मदद करें. सोनू ने स्पष्ट किया कि वह जो साइनिंग अमाउंट दे रहे हैं, वह कोई दान नहीं बल्कि उनके काम के प्रति सम्मान है, जिसे आगे चलकर उनके काम से एडजस्ट किया जा सकता है.
सोनू सूद का मानना था कि इस कठिन समय में इंडस्ट्री को एक परिवार की तरह साथ खड़े होकर यह एहसास दिलाना चाहिए कि वह अकेले नहीं हैं.
जेल से छूटने से पहले क्या बोले थे सोनू सूद?
सोनू सूद ने राजपाल यादव की कोर्ट में सुनवाई के दौरान समर्थन करते हुए लिखा कि आज राजपाल भाई के लिए बहुत बड़ा दिन है और वे दुआ करते हैं कि कोर्ट का फैसला उनके हक में आए. सोनू के कहा था कि राजपाल न केवल एक बेहतरीन एक्टर हैं, बल्कि एक बहुत अच्छे इंसान भी हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि इस मुश्किल वक्त में वे पूरी तरह राजपाल के साथ खड़े हैं और जब तक सब कुछ ठीक नहीं हो जाता, वे उनका साथ देना जारी रखेंगे. इसके अलावा, सोनू से राजपाल को समर्थन करते हुए कहा कि राजपाल रक बहुत ही अच्छे एक्टर हैं. उनके अंदर इंसानियत नाम की चीजकूट-कूट कर भरा हुआ है.
