Salim Khan Health Update: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान के स्वास्थ्य को लेकर अपडेट सामने आया है. मंगलवार को सलीम खान को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनके साथ सलमान खान और परिवार के बाकी सभी सदस्य भी अस्पताल पहुंचे थे. हालांकि, सलमान खान के परिवार की ओर से अभी तक सलीम खान की तबीयत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन आज मुंबई स्थित लीलावती अस्पताल ने मेडिकल बुलेटिन जारी कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी दी है.
कैसी है सलीम खान की तबीयत?
लीलावती अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि सलीम खान की स्थिति अब पहले से काफी बेहतर है और उन्हें कल वेंटिलेटर से हटा दिया जाएगा. उनका इलाज कर रहे डॉक्टर जलील पारकर ने बताया कि उन्हें ‘मिनिमल ब्रेन हैमरेज’ हुआ था, जिसमें सर्जरी की आवश्यकता नहीं होती है. उन्होंने आगे जानकारी दी कि अभी उन्हें रेस्ट की जरूरत है और पूरी तरह ठीक होने में थोड़ा समय लग सकता है.
सलीम खान के कौन-कौन से टेस्ट हुए हैं?
अस्पताल के मेडिकल बुलेटिन में सलीम खान के हुए सभी टेस्ट की जानकारी भी दी गई है. डॉक्टर पारकर के अनुसार, उनके एमआरआई (MRI) सीटी स्कैन और ब्लड टेस्ट किए गए हैं. साथ ही उनकी नसों की जांच के लिए ‘डिजिटल सबट्रैक्शन एंजियोग्राफी’ (DSA) भी की गई है.
सलीम की देखरेख के लिए-कौन कौन डॉक्टर्स हैं?
डॉक्टर जलील पारकर के अनुसार, सलीम खान की देखरेख के लिए विशेषज्ञों की एक विशेष टीम तैनात की गई है. इस टीम में न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनय चव्हाण, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अजीत मेनन, न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे और डॉ. बिनीत अहलूवालिया जैसे दिग्गज डॉक्टर शामिल हैं जो मिलकर उनका इलाज कर रहे हैं.
भर्ती के समय सलीम खान की क्या स्थिति थी?
मंगलवार सुबह करीब 8 बजे डॉ. संजीव चोपड़ा ने सलमान खान के पिता सलीम खान को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया. अस्पताल लाते समय वे होश में तो थे, लेकिन उनका ब्लड प्रेशर काफी बढ़ा हुआ था. उनकी हालत को देखते हुए और सुरक्षा के लिहाज से डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर पर रखा था.
ये भी पढ़ें-आखिर राजपाल यादव को जमानत मिल ही गई, जानिए कितने करोड़ जमा करने पड़े
क्या सलीम खान की कोई सर्जरी हुई है?
डॉक्टर पारकर ने जानकारी देते हुए बताया कि सलीम खान की कोई भी सर्जरी नहीं हुई है. जांच के दौरान मामूली ब्रेन हैमरेज की शिकायत मिली थी, जो अब नॉर्मल है. इसके लिए कोई बड़ी सर्जरी की जरूरत नहीं हुई और वे दवाई से ही ठीक हो जाएंगे.
