Aakhri Sawaal Teaser Out: RSS के 100 साल के सफर से प्रेरित है संजय दत्त की फिल्म ‘आखिरी सवाल’, दमदार टीजर रिलीज
फिल्म आखिरी सवाल का टीजर हुआ रिलीज
Aakhri Sawaal Teaser Out: आज हनुमान जयंती के मौके पर बॉलीवुड की दो सबसे बड़ी फिल्मों के टीजर रिलीज हुए हैं, जिन्हें लेकर फैन्स काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं. एक तरफ जहां आज 2 अप्रैल को भगवान श्रीराम की जीवनी पर आधारित फिल्म ‘रामायण’ का टीजर रिलीज हुआ. वहीं दूसरी तरफ हनुमान जयंती के पावन पर्व पर बॉलीवुड स्टार संजय दत्त की फिल्म ‘आखिरी सवाल’ का टीजर भी आउट हो चुका है.
नेशनल अवॉर्ड विनर फिल्म मेकर अभिजीत मोहन वारंग के निर्देशन में बनी यह फिल्म वह सवाल पूछती है, जिसने एक सदी से भी ज्यादा समय से देश और युवाओं को उलझा रखा है. इसके अलावा, यह फिल्म इतिहास के कुछ अहम मुद्दों पर सवाल उठाने की हिम्मत रखती है. आइए जानते हैं कि फिल्म ‘आखिरी सवाल’ के टीजर में क्या दिखाया गया है.
इतिहास की गहराइयों से जुड़ी है फिल्म ‘आखिरी सवाल’
फिल्म ‘आखिरी सवाल’ इतिहास की गहराइयों में उतरती है और कई ऐसे गंभीर विषयों पर सवाल उठाने की हिम्मत करती है, जिनका जवाब आज तक किसी को नहीं मिल पाया है. अब तक किसी में इतनी हिम्मत भी नहीं हुई कि इन सवालों के जवाब खोज सके. जिस तरह से फिल्म में भारत के इतिहास से जुड़े सवाल किए गए हैं, उन्हें देखते हुए यह कहा जा सकता है कि फिल्म की रिलीज के बाद देश में एक नई बहस शुरू हो सकती है. फिल्म ‘आखिरी सवाल’ में संजय दत्त के साथ-साथ अमित साध, नमाशी चक्रवर्ती, समीरा रेड्डी, नीतू चंद्रा और त्रिधा चौधरी जैसे बड़े कलाकार नजर आएंगे.
टीजर में क्या दिखाया गया है?
फिल्म ‘आखिरी सवाल’ के मेकर्स ने 2 अप्रैल को सुबह 11:11 बजे इसका टीज़र रिलीज किया है. संजय दत्त की आने वाली फिल्म ‘आखिरी सवाल’ का टीज़र एक दमदार पॉलिटिकल ड्रामा और वैचारिक टकराव की झलक दिखाता है.
टीज़र में एक युवा शोधकर्ता (अमित साध) और उनके गुरु (संजय दत्त) के बीच गांधी की हत्या और आपातकाल जैसे संवेदनशील मुद्दों पर कड़ा वैचारिक मुकाबला दिखाया गया है. इसके अलावा, यह फिल्म राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 वर्षों के सफर से प्रेरित है.
फिल्म ‘आखिरी सवाल’ कब रिलीज होगी?
‘आखरी सवाल’ फिल्म के निर्माता निखिल नंदा और संजय दत्त हैं. इसके साथ ही पुनीत नंदा, डॉ. दीपक सिंह, गौरव दुबे और उज्जवल आनंद ने को-प्रोड्यूसर के तौर पर साथ दिया है. फिल्म की कहानी और संवाद उत्कर्ष नैथानी ने तैयार किए हैं, जबकि मोंटी शर्मा ने इसका संगीत दिया है और गाने कुमार विश्वास ने लिखे हैं. यह फिल्म 8 मई 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है.