FDA Notice: महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने एक विज्ञापन को लेकर फिल्म एक्टर शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को कारण बताओ नोटिस भेजा है. FDA का कहना है कि इस विज्ञापन के जरिए प्रतिबंधित पान मसाला ब्रांड का सीधे तौर पर नहीं, बल्कि घुमाकर प्रचार किया जा सकता है. तीनों एक्टरों से पूछा गया है कि इस विज्ञापन में उनकी क्या भूमिका थी.
FDA के अनुसार, विज्ञापन में जिस तरह ब्रांड का नाम, डायलॉग और पूरी प्रस्तुति दिखाई गई है, उससे एक प्राइवेट ब्रांड को पान मसाला से जोड़ने का संदेश जाता है. महाराष्ट्र में 13 जुलाई 2026 से पान मसाला जैसे प्रतिबंधित सामान को बनाने, रखने, एक जगह से दूसरी जगह ले जाने बेचने और बांटने पर एक साल के लिए रोक लगी हुई है.
FDA ने FSS एक्ट का दिया हवाला
FDA ने बताया कि भ्रामक खाद्य विज्ञापन पर FSS Act के तहत 10 लाख रुपये तक का जुर्माना लग सकता है. महाराष्ट्र में 2012 से गुटखा और पान मसाला पर रोक है, जिसे हर साल आगे बढ़ाया जाता है. 13 जुलाई 2026 को भी यह प्रतिबंध बढ़ाया गया. FDA ने 25 मई से 31 जुलाई के बीच 658 जगहों पर छापेमारी कर 15.11 करोड़ रुपये का प्रतिबंधित सामान जब्त किया. इस दौरान 519 FIR दर्ज हुईं, 701 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 6.6 करोड़ रुपये का सामान ले जा रहे 78 वाहन भी जब्त किए गए.
12 जून को MCOCA लगाने का निर्देश
12 जून को FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने अधिकारियों को पुलिस के साथ मिलकर गुटखा, तंबाकू और निकोटिन वाले पान मसाला जैसे प्रतिबंधित सामान बेचने वाले संगठित गिरोहों पर MCOCA 1999 के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया. इससे पहले भी एक प्राइवेट कंपनी के इलायची कैंपेन पर कार्रवाई हो चुकी है. वहीं 2018 में DGHS ने COTPA के तहत कंपनी को कारण बताओ नोटिस भेजा था.
ये भी पढ़ें-मुस्लिम एक्टर आदिल हुसैन को भगवान शिव-कृष्ण में आस्था, बोले गीता ने बदला जिंदगी को देखने का नजरिया
FDA ने एक्टरों से जवाब मांगा
कंपनी पर आरोप था कि वह बॉलीवुड स्टार के जरिए तंबाकू का अप्रत्यक्ष प्रचार कर रही है. बाद में कोर्ट ने बिना तंबाकू वाले उत्पादों के विज्ञापन की अनुमति दी थी. अब FDA ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ से उनके विज्ञापन में काम करने को लेकर जवाब मांगा है.
