Vistaar NEWS

15 August 2026: लाल किले से गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’, हेलिकॉप्टर से फूलों की बारिश और 21 तोपों की सलामी…जानें मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

15 August 2026 Red Fort Programme

15 अगस्त कार्यक्रम

New India Format Independence Day: देश अपनी आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है. आजादी के इस पावन पर्व पर देश का हर नागरिक खुशी से झूमता नजर आ रहा है और देशभर में जश्न के रूप में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं. हर साल की तरह इस साल भी राजधानी दिल्ली के लाल किले पर देश के प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की अगुवाई करेंगे.

इस बार का यह उत्सव और भी खास रहने वाला है, क्योंकि मुख्य फोकस राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 साल पूरे होने और ‘विकसित भारत 2047 के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका’ पर रहेगा. इतिहास में पहली बार लाल किले के मुख्य कार्यक्रम में ध्वजारोहण से पहले ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया जाएगा. आइए जानते हैं इस 80वें स्वतंत्रता दिवस के पूरे कार्यक्रम के बारे में.

पीएम मोदी का स्वागत करेंगे रक्षा और राज्य मंत्री

जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले पर पहुंचेंगे, उनका स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा सचिव राजश कुमार सिंह द्वारा किया जाएगा. इसके बाद रक्षा सचिव वहां उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री का परिचय देंगे. फिर पीएम मोदी सलामी मंच तक जाएंगे और ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ का निरीक्षण करेंगे.

लाल किले पर ध्वजारोहण और 21 तोपों की सलामी

गार्ड ऑफ ऑनर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर की तरफ बढ़ेंगे. वहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ समेत कई बड़े मंत्री और अधिकारी मौजूद रहेंगे, जो पीएम मोदी का स्वागत करेंगे. इसके बाद दिल्ली एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग उन्हें प्राचीर पर बने मंच तक लेकर जाएंगे. जैसे ही पीएम मोदी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, वैसे ही 21 तोपों की सलामी दी जाएगी. इस सेरेमोनियल बैटरी की कमान मेजर पवन सिंह शेखावत के पास होगी.

पहली बार लाल किले पर गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’

ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन होगा, जिसका बैंड संचालन सूबेदार ईश्वर सिंह करेंगे. इस दौरान वायुसेना के दो एमआई-17 हेलिकॉप्टर समारोह स्थल पर आसमान से फूलों की बारिश करेंगे. इन हेलिकॉप्टरों की कमान विंग कमांडर रजत और स्क्वाड्रन लीडर अंकित वर्ष्णेय के हाथों में होगी.

5 हजार से ज्यादा विशेष अतिथि होंगे शामिल

इस बार के स्वतंत्रता दिवस समारोह पर 5 हजार से ज्यादा विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है. ताकि ये लोग लाल किले पर होने वाले कार्यक्रम को देख सकें. इनमें कई सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले लाभार्थी शामिल होंगे. जैसे-महिला उद्यमी, युवा इनोवेटर्स, वैज्ञानिक, स्टार्टअप से जुड़े लोग, स्वच्छता कर्मी, टैक्सी और कैब ड्राइवर, नर्सिंग स्टाफ, किसान, कारीगर, प्रशिक्षित और अलग-अलग सेक्टर से लोग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आएंगे.

ये भी पढ़ें-15 August Security Update: अभेद्य किले में तब्दील हुई दिल्ली, लाल किले के पास ट्रैफिक डाइवर्ट, बाहर जाने से पहले पढ़ें अपडेट

मेहमानों के लिए लाल किल पर खास इंतजाम

आगंतुकों की सुविधा के लिए छह अलग-अलग जगहों पर 25 क्लोक रूम बनाए गए हैं. लोगों को उनकी बैठने की सीटों तक पहुंचाने के लिए पुलिसकर्मियों के साथ 200 वॉलंटियर्स तैनात रहेंगे. इसके अलावा, व्हीलचेयर वाले लोगों की सहायता के लिए मेट्रो स्टेशनों और पार्किंग एरिया में विशेष रूप से NCC कैडेट्स मौजूद रहेंगे.

Exit mobile version