Vistaar NEWS

पाकिस्तामी F-16 मार गिराने वाले अभिनंदन अब नहीं उड़ाएंगे मिग, IAF छोड़ प्राइवेट एयरलाइन से जुड़े

अभिनंदन वर्तमान

अभिनंदन वर्तमान

Abhinandan Varthaman:  पाकिस्तान को धूल चटाने वाले इंडियन एयरफोर्स के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र विजेता अभिनंदन वर्तमान ने इंडियन एयरफोर्स छोड़ दी है. एयरफोर्स छोड़ने के बाद अभिनंदन ने प्राइवेट एयरलाइन ज्वाइन कर ली है. फाइटर पायलट रहे अभिनंदन अब अब यात्री विमान के पायलट के तौर पर काम करेंगे. अभिनंदन वर्धमान साल 2019 में पाकिस्तान के साथ हवाई मुठभेड़ के बाद सुर्खियों में आए थे.

अभिनंदन वर्धमान का नाम देशभर में उस समय चर्चा में आया था, जब फरवरी 2019 में उन्होंने पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों का मुकाबला किया था. यह घटनाक्रम पुलवामा आतंकी हमले और उसके बाद भारत की बालाकोट एयरस्ट्राइक के कुछ समय बाद हुआ था.

पाकिस्तान में 3 दिनों तक रहे थे अभिनंदन

14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में CRPF के काफिले पर आत्मघाती हमला हुआ था. इसमें 40 जवान शहीद हुए थे. इसके जवाब में भारतीय वायुसेना ने 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी.

इसके अगले दिन पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने भारतीय सीमा की ओर बढ़ने की कोशिश की. उस वक्त अभिनंदन श्रीनगर एयरफोर्स स्टेशन पर MiG-21 बाइसन स्क्वाड्रन का हिस्सा थे. हवाई मुठभेड़ के दौरान अभिनंदन ने एक पाकिस्तानी लड़ाकू विमान का पीछा किया और उसे निशाना बनाया.

हालांकि, इसी दौरान उनके MiG-21 को भी दुश्मन की मिसाइल से नुकसान पहुंचा. विमान की स्थिति बिगड़ने पर उन्होंने इजेक्ट किया और पैराशूट से पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में जा उतरे. इसके बाद पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने उन्हें हिरासत में ले लिया. करीब तीन दिन बाद, 1 मार्च 2019 को अभिनंदन को भारत वापस सौंप दिया गया.

वीर चक्र से सम्मानित हुए थे अभिनंदन

अभिनंदन की बहादुरी को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें 2021 में ‘वीर चक्र’ से सम्मानित किया. यह युद्धकाल में दिया जाने वाला देश का तीसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है. आधिकारिक प्रशस्ति-पत्र में उनकी असाधारण बहादुरी और कर्तव्य के प्रति समर्पण का उल्लेख किया गया था.

अब अभिनंदन का FLY91 से जुड़ना उनके सैन्य करियर के बाद की नई पारी के तौर पर देखा जा रहा है. गोवा स्थित FLY91 ने मार्च 2024 में उड़ान संचालन शुरू किया था. एयरलाइन के बेड़े में ATR 72-600 विमान हैं. गोवा तथा हैदराबाद उसके प्रमुख ऑपरेशनल बेस हैं.

ये भी पढ़ें:पंजाब में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से कट गया राघव चड्ढा का नाम, कॉलम में ये क्‍या लिख द‍िया?

Exit mobile version