Ajit Pawar Plane Crash CBI investigation: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान हादसे में हुई मौत की जांच अब सीबीआई करेगी. इसके लिए महाराष्ट्र सरकार ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से अनुरोध किया है. सीबीआई जांच की मांग अजित पवार के चाचा शरद पवार की पार्टी एनसीपी ने की है. हालांकि, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भरोसा दिलाया है कि जांच में किसी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी. इसके साथ ही बताया कि सीबीआई जांच के लिए गृहमंत्री अमित शाह से बात की है.
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि महायुति सरकार अजित पवार विमान हादसे से जुड़े सभी संदेह को दूर करेगी. इसके लिए गृहमंत्री अमित शाह से अनुरोध किया है. सीएम ने बताया कि इस मामले की जांच डीजीसीए व प्रदेश की सीआईडी के साथ-साथ सीबीआई भी करेगी. जांच के लिए एनसीपी नेताओं ने मांग की थी. इसके लिए एनसीपी नेता रोहित पवार ने पीएम मोदी को भी पत्र लिखा था.
रोहित पवार ने PM मोदी को लिखा पत्र
दरअसल, अजित पवार की विमान हादसे में मौत के बाद एनसीपी नेता रोहित पवार ने कई सवाल उठाए और साजिश की आशंका जताई. रोहित पवार ने नागरिक उड्यन मंत्री के. राम मोहन नायडू से इस्तीफा तक लेने की मांग की. इसके लिए रोहित पवार ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखा है. पत्र में लिखा कि जांच पूरी होने तक नायडू से इस्तीफा लिया जाए. महाराष्ट्र के सीएम ने रोहित पवार की बातों को संज्ञान में लिया और सीबीआई जांच के लिए अमित शाह से बात की.
कब हुआ था विमान हादसा?
अजित पवार का विमान 28 जनवरी को पुणे के बारामती में क्रैश हो गया था, जिसमें सवार अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत हो गई थी. अजित पवार की मौत के बाद तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थी. वहीं रोहित पवार ने इस हादसे को साजिश बताया. विमान हादसे में बढ़ रहे विवाद के बाद रविवार को सीएम फडणवीस ने कहा कि जांच रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए और अटकलों से बचना चाहिए.
ये भी पढ़ेंः इस राज्य में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए मोबाइल होगा बैन? सरकार बना रही प्लान
सीएम ने बताया कि इस हादसे की जांच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय वीआरएस कंपनी ऑडिट कर रहा है. सभी लॉगबुक की भीं जांच की जा रही है. राज्य सरकार भी जांच में नियमित निगरानी रखेगी. प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम फडणवीस के साथ ही अजित पवार की पत्नि सुनेत्रा पवार और एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे.
