America Zero Tariff On Textile: भारत और अमेरिका ट्रेड डील के बाद एक और बड़ी खबर सामने आ रही है. डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन से भारत को बड़ी राहत मिल सकती है. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने संभावना जताई है कि अमेरिका टेक्सटाइल सेक्टर में भारत को बांग्लादेश जैसी ही शून्य टैरिफ वाली छूट दे सकता है. इसके पहले ट्रेड डील के बाद अमेरिका ने भारत पर लगने वाला टैरिफ 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया था.
कपड़ा निर्यातकों को मिलेगी बड़ी राहत
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने संकेत दिए हैं कि अमेरिका टेक्सटाइल के क्षेत्र में भारत पर जीरो परसेंट टैरिफ लगाएगा. अगर ऐसा होता है तो भारत के कपड़ा निर्यातकों को बड़ा फायदा हो सकता है. ये खबर ऐसे समय में आ रही है, जब दोनों देशों के ट्रेड डील की शर्तों को लेकर हर तरफ चर्चा हो रही है. भारत में विपक्ष इस ट्रेड डील को लेकर लगातार सरकार पर हमलावर है.
‘राहुल गांधी झूठ का पुलिंदा हैं’
भारत और अमेरिका की ट्रेड डील के बाद से ही विपक्ष इस पर सवाल उठा रहा है. खासकर राहुल गांधी इस ट्रेड डील को भारत के किसानों के खिलाफ बता रहे हैं. राहुल गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा है कि इस ट्रेड डील में प्रधानमंत्री अमेरिका के सामने सरेंडर हो गए हैं. वहीं राहुल गांधी के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पलटवार किया है.
पीयूष गोयल ने कहा, ‘राहुल गांधी झूठ का पुलिंदा हैं. वो पूरी तरह से गलत बातें फैलाते हैं. मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि US-इंडिया ट्रेड डील में भारत के हितों और भारतीय किसानों के हितों को संरक्षित रखा गया है. भारतीय किसानों के अधिकांश उत्पाद हमारी डेयरी, पोल्ट्री, चावल, गेहूं, सोयाबीन और मक्का, केला, स्ट्रॉबेरी, चेरी, संतरा, सब्जियां, इथेनॉल, तंबाकू, मीट, दालें, बाजरा, रागी, किसानों का लगभग 90-95% उत्पाद US ट्रेड डील से बाहर है और जो भारत की आवश्यकताएं हैं, जिसे हम आज भी इंपोर्ट करते हैं, जिससे हमारे देश के किसानों को कोई हानि नहीं होगी.’
#WATCH दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, "राहुल गांधी झूठ का पुलिंदा हैं। वो पूरी तरह से गलत बातें फैलाते हैं। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि US-इंडिया ट्रेड डील में भारत के हितों और भारतीय किसानों के हितों को संरक्षित रखा गया… pic.twitter.com/mwmKn4JtHe
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 12, 2026
‘बांग्लादेश की तरह ही भारत को सुविधा मिलेगी’
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने जानकारी देते हुए कहा कि अब भारत को भी बांग्लादेश जैसी सुविधा मिल सकती है. बांग्लादेश अमेरिका से कच्चा माल खरीदकर कपड़ा तैयार करता है. ऐसे में बांग्लादेश पर अमेरिका कोई भी टैरिफ नहीं लगाता है. अगर बांग्लादेश जैसी सुविधा भारत को भी मिलती है तो टेक्सटाइल सेक्टर में भारत पर भी जीरो टैरिफ लगेगा.
30 प्रतिशत कपड़ा अमेरिका में निर्यात होता है
भारत के लिए अमेरिका कपड़ा निर्यात के लिहाज से सबसे बड़ा बाजार है. भारत के कुल वस्त्र के निर्यात का अकेले अमेरिका में 30 प्रतिशत जाता है. इसके पहले अमेरिका कपास से बने बांग्लादेशी कपड़ों पर जीरो परसेंट टैरिफ की खबर आई थी. ये खबर भारत की चिंता बढ़ाने वाले थी, क्योंकि भारत पर छूट के बावजदू 18 प्रतिशत टैरिफ लगेगा. ऐसे में भारतीय कपड़ा निर्यातकों के लिए परेशानी हो गई थी. लेकिन अब बांग्लादेश जैसी ही छूट भारत को मिलने की बात से भारत के कपड़ा निर्यातकों के लिए बहुत बड़ी राहत हो सकती है.
ये भी पढे़ं: फिल्म अभिनेता राजपाल यादव को तिहाड़ जेल में ही रहना होगा, हाई कोर्ट ने जमानत याचिका खारिज की
