Vistaar NEWS

‘राहुल जब से आए कांग्रेस लगातार हार रही है…’, गुजरात निकाय चुनाव में जीत के बाद बोले अमित शाह

Amit Shah

गृह मंत्री अमित शाह

गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि जब से राहुल गांधी ने कांग्रेस का नेतृत्व संभाला है या पार्टी में सक्रिय हुए हैं, कांग्रेस को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है. चुनाव परिणामों की बात करें तो भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने गांधीनगर, थरा और ओखा समेत प्रमुख शहरी निकायों में बड़ी जीत दर्ज की है.

32 सीटों AAP की जमानत जब्त

इस जीत के बाद केंद्रीय गृहमंत्री ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस गुजरात में 41 साल बाद भी जीत हासिल नहीं कर पाई है. क्या कांग्रेस की लगातार चुनावी हार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का परिणाम बताया जाएगा. शाह ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने 32 सीटों पर चुनाव लड़ा और सभी 32 सीटों पर उसकी जमानत जब्त हो गई. उन्होंने दावा किया कि गुजरात के मतदाता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मजबूती से खड़े हैं.

अमित शाह ने कहा कि गांधीनगर नगरपालिका में भाजपा के वोट प्रतिशत में 10 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. कांग्रेस गुजरात में आखिरी बार 1985 में जीती थी और अब 41 साल बाद भी यहां जीत नहीं पाई है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जीत को एसआईआर से जोड़कर खारिज करने के बजाय कांग्रेस को अपनी हार के कारणों पर विचार करना चाहिए.

कांग्रेस को इनमें एक भी सीट नहीं मिली-अमित शाह

शाह ने तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में हुए उपचुनावों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस को इनमें एक भी सीट नहीं मिली. उन्होंने दावा किया कि असम के नौगांव में भाजपा ने कांग्रेस से सीट छीन ली. पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में भाजपा उम्मीदवार की जीत और रेजीनगर में तृणमूल कांग्रेस से सीट जीतने का भी उन्होंने जिक्र किया.

पुडुचेरी में एनडीए के साथ एआईएनआरसी के उम्मीदवार की जीत का हवाला देते हुए शाह ने कहा कि चुनावी नतीजे कांग्रेस के लिए आत्ममंथन का संकेत हैं. ये आंकड़े और चुनावी उदाहरण शाह ने अपने बयान में कांग्रेस की स्थिति पर सवाल उठाने के लिए दिए.

ये भी पढ़ें:‘ज्ञानेश कुमार का इस्‍तीफा ही हमारा असली मिशन…’, इंडिया गठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले राहुल

Exit mobile version