Vistaar NEWS

थार जीतने से पहले ही लौटने लगे घुड़सवार, अनंत सिंह की घुड़दौड़ की कब होगी फाइनल रेस?

Thar Prize Horse Racing

थार जीतने से पहले ही लौटने लगे घुड़सवार

Thar Prize Horse Racing: बिहार के मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों सुर्खियों में है. शादी के दौरान जिसकी सबसे ज्यादा चर्चा रही. वह है घुड़दौड़. घुड़दौड़ में विजेता को एक सफेद रंग की नई थार मिलने वाली थी, लेकिन घुड़दौड़ में अभी तक जीत-हार तय नहीं हुआ. शिवांगी सिंह की शादी भी हो गई और वह विदा होकर ससुराल भी चली गई, लेकिन घुड़दौड़ का फाइनल मुकाबला नहीं हो सका. अब सबको इंतजार है कि घुड़दौड़ का फाइनल मुकाबला कब होगा और थार कौन ले जाएगा?

शादी के दौरान घुड़दौड़ हुई, जिसमें कई मुकाबले भी हुए. शुरुआती राउंड तक दौड़ भी पूरी हुई, लेकिन फाइनल मुकाबला नहीं हो सका. फाइनल मुकाबला नहीं होने की वजह से कई ऐसे घोड़े मालिक हैं, जो अपने-अपने घोड़े लेकर घर लौटने लगे हैं. जिसके बाद सबके मन में अब एक ही सवाल पैदा हो रह है कि क्या अब फाइनल मुकाबला होगा या फिर किसी दूसरे तरह से जीत दे दी जाएगी.

विजेता को मिलेगी थार

घुड़दौड़ प्रतियोगिता को लेकर सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश के घुड़सवारों में अलग ही उत्साह था. कई राज्यों के घुड़सवार पहुंचे थे. क्योंकि इनाम के रूप में सफेद रंग की नई थार का ऐलान किया गया था. अनंत सिंह के मुताबिक पहले नंबर पर आने वाले विजेता को थार, दूसरे नंबर वाले को बाइक और तीसरे नंबर आने वाले को स्कूटी दी जाएगी.

क्यों नहीं हो पाया फाइनल मुकाबला?

शिवांगी की शादी वाले दिन घुड़दौड़ की प्रतियोगिता शुरू हो गई थी. सबकुछ ठीक-ठाक चल रहा था. अच्छी-खासी भीड़ भी मौजूद थी, लेकिन देखते ही देखते भीड़ इतनी ज्यादा बढ़ गई कि घुड़दौड़ के ट्रैक तक पहुंच गई. जिसकी वजह से प्रतियोगिता रोकनी पड़ी.

किसे मिल सकती है जीत?

अभी तक इस प्रतियोगिता में सबसे अच्छा प्रदर्शन गया जिले से आए बारूद का रहा. बारूद पिछले करीब 1.5 सालों में 15 से ज्यादा रेस जीत चुका है. इसके बाद प्रयागराज के करण और अर्जुन के घोड़ों की चर्चा है. इसके अलावा भी कई ऐसे घोड़े हैं, जिनका प्रदर्शन अभी तक ठीक ठाक ही रहा है. फिलहाल, अभी तो सभी घोड़े के मालिक अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं. अब देखना यह होगा कि थार का विजेता कौन होगा? क्या प्रतियोगिता के बाकी मुकाबले फिर से होंगे या आयोजक कोई दूसरा फैसला लिया जाएगा? फिलहाल इन सवालों पर स्थिति स्पष्ट नहीं है.

Exit mobile version