Anant Singh Supports Jan Suraaj: बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी हलचल बढ़ गई है. पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह ने नामांकन दाखिल कर दिया है. सबसे खास बात यह है कि उनके साथ JDU विधायक अनंत सिंह भी मौजूद रहे. इस दौरान उन्होंने अनुज सिंह की जीत को लेकर भी बड़ा दावा कर दिया है.
मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें अनुज सिंह की जीत का 500 प्रतिशत भरोसा है. उन्होंने अपने खास अंदाज में कहा कि जनता ही मालिक है और वही वोट देती है. उनके मुताबिक जब जनता साथ है तो जीत को लेकर उन्हें किसी तरह की चिंता नहीं है.
बिहार में मुकाबला हुआ दिलचस्प
दरअसल, पटना स्नातक सीट पर इस बार मुकाबला खासा दिलचस्प है. JDU ने इस सीट से मौजूदा MLC और पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जन सुराज ने डॉ. अनुज सिंह को मैदान में उतारा है. ऐसे में JDU विधायक अनंत सिंह का अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी के बजाय अनुज सिंह का खुलकर समर्थन करना चर्चा का विषय बना हुआ है.
अनंत में पहले ही कर दिया था ऐलान
अनंत सिंह पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि वह अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार करेंगे. दोनों नेताओं के बीच उनके राजनीतिक विरोध का मुद्दा भी इस चुनाव में लगातार सामने आ रहा है. अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच लंबे समय से तनातनी रही है.
JDU नेतृत्व की ओर से दोनों के बीच सुलह की कोशिश भी की गई थी, लेकिन बात नहीं बनी. इसके बाद पार्टी ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया और अनंत सिंह ने अनुज सिंह के समर्थन का अपना रुख कायम रखा.
चुनाव से पहले बनवाए 50 हजार रसगुल्ले
अनंत सिंह अपने घर पर 50 हजार रसगुल्ले बनवाने को लेकर भी चर्चा में आए थे. ये रसगुल्ले अनुज सिंह के नामांकन के दौरान समर्थकों और आम लोगों में बांटे जाने थे. अब खुली जीप में शक्ति प्रदर्शन और ‘500 परसेंट’ जीत के दावे ने इस चुनाव को और सुर्खियों में ला दिया है.
पटना स्नातक सीट पर मतदान 23 अक्टूबर को होना है, जबकि नतीजे 27 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे. ऐसे में अब सबकी नजर इस मुकाबले पर है कि अनंत सिंह के खुले समर्थन का चुनावी नतीजे पर क्या असर पड़ता है.
ये भी पढ़ें: कौन हैं आराधना मिश्रा ‘मोना’? मिल सकती है यूपी कांग्रेस की कमान, अजय राय की हो सकती है छुट्टी
