Vistaar NEWS

9 टुकड़ों में शव, नहर में फेंका… टैटू ने खोला कल्याणी मर्डर का राज,आंध्र प्रदेश में कसाई शफी गिरफ्तार

Kalyani Murder Case

कल्‍याणी और गिरफ्तार कसाई

Kalyani Murder Case: आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में एक महिला की हत्या की ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया. इब्राहिमपटनम इलाके में जब नहर से महिला के शव के टुकड़े बरामद हुए, तो शुरुआत में उसकी पहचान तक मुश्किल थी. लेकिन, हाथ पर बने एक टैटू ने इस अंधे कत्ल की पहली बड़ी कड़ी जोड़ दी. जांच आगे बढ़ी तो शक भवानीपुरम की एक मटन शॉप चलाने वाले शफी तक पहुंचा.

पुलिस के मुताबिक, नहर से मिले शव के हिस्सों की तस्वीरें और जानकारी सार्वजनिक की गई थी. इसके बाद परिजनों ने हाथ पर बने खास टैटू के आधार पर महिला की पहचान कल्याणी के रूप में की. पहचान होते ही पुलिस ने उसकी हाल की गतिविधियों और संपर्कों की जांच शुरू की.

जांच में क्‍या-क्‍या आया सामने?

जांच में सामने आया कि कल्याणी का शफी के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था. दोनों के बीच पहले भी तनाव की स्थिति बनी थी. पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को शफी ने कल्याणी को भवानीपुरम स्थित अपने घर बुलाया था. वहां पैसों को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. आरोप है कि इसी दौरान शफी ने चाकू से कल्याणी की हत्या कर दी.

हत्‍या के शव को ऐसे लगाया ठ‍िकाने

हत्या के बाद मामले को छिपाने के लिए शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई. पुलिस का आरोप है कि शफी ने अपनी दुकान पर काम करने वाले गुरुवुलु की मदद से शव के करीब 9 टुकड़े किए. इसके बाद इन्हें बोरियों में भरकर गोल्लापुडी की कूलिंग कैनाल में फेंक दिया गया.

नहर में शव के हिस्से मिलने के बाद पुलिस ने कई एंगल से जांच शुरू की थी. मृतका की पहचान होने के बाद जांच तेजी से आगे बढ़ी और पुलिस ने शफी तथा उसके साथ काम करने वाले गुरुवुलु को हिरासत में ले लिया.

अब पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार, शव के बाकी हिस्सों और वारदात में इस्तेमाल वाहन की तलाश कर रही है. इसके साथ ही दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या की पूरी साजिश कैसे रची गई? इसमें और कोई शामिल था या नहीं.

ये भी पढ़ें:तमिलनाडु में कैसे बदली सत्ता? SIR पर सियासी घमासान के बीच चिदंबरम का बड़ा बयान

Exit mobile version