चलते-चलते बीच सड़क पर बंद हो रहे ई-रिक्शा! जानिए BAT-BMS का पूरा खेल, कैसे हो रही ड्राइवरों की परेशानी
BAT BMS App E-Rickshaw Battery: देशभर में इन दिनों सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियोज वायरल हो रहे हैं, जिनमें चलते-चलते ही ई-रिक्शा बीच रास्ते बंद हो जा रहे हैं. लाख कोशिशों के बाद भी ये दोबारा चालू नहीं हो पा रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि यह BAT-BMS नाम के मोबाइल ऐप के जरिए किया जा रहा है, जिसका बाकायदा प्ले स्टोर पर एक ऐप है. इसी मदद से लोग राह चलते किसी भी ई-रिक्शा को बंद कर दे रहें हैं.
कई राज्यों से चालकों ने शिकायत की कि उनकी गाड़ियां अचानक रास्ते में रुक गईं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ सड़क पर खतरे का भी सामना करना पड़ा. इनको चलाने वाले ड्राइवरों का कहना है कि वे इतने टेक एक्सपर्ट नहीं है कि इस समस्या का खुद ही समाधान कर सकें. यही वजह है कि उनकी रोजी-रोटी बुरी तरह से प्रभावित हो रही है.
कौन सा है वो ऐप जिससे बंद हो रहे रिक्शें?
दरअसल, BAT-BMS कोई हैकिंग ऐप नहीं है. यह एक तरह का बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) को मॉनिटर और कंट्रोल करने वाला ऐप है. आमतौर पर इसका इस्तेमाल लिथियम बैटरी की चार्जिंग, वोल्टेज, तापमान और अन्य तकनीकी जानकारी देखने के लिए किया जाता है. कई बैटरियों में ब्लूटूथ के जरिए यह ऐप सीधे BMS से जुड़ जाता है.
समस्या उस समय पैदा होती है, जब बैटरी में सुरक्षा इंतजाम कमजोर हों. यदि BMS पर पासवर्ड या अन्य सुरक्षा सेटिंग नहीं लगी है, तो आसपास मौजूद कोई व्यक्ति BAT-BMS ऐप से ब्लूटूथ के जरिए बैटरी से कनेक्ट होकर डिस्चार्ज आउटपुट बंद कर सकता है. ऐसा होते ही मोटर तक बिजली पहुंचनी बंद हो जाती है और ई-रिक्शा अचानक रुक जाता है.
किसे हो सकती है मुसीबत?
हालांकि, यह खतरा हर ई-रिक्शा पर नहीं है. केवल वही वाहन प्रभावित हो सकते हैं जिनमें ब्लूटूथ आधारित लिथियम BMS लगा है और जिसकी सुरक्षा ठीक से नहीं की गई है. लीड-एसिड बैटरी वाले या दूसरे तरह के सिस्टम वाले ई-रिक्शा आमतौर पर इससे प्रभावित नहीं होते.
कई लोगों ने जाहिर की चिंता
इस मामले के सामने आने के बाद कई ई-रिक्शा चालकों ने चिंता जताई है. उनका कहना है कि चलते-चलते वाहन बंद होने से सवारी बीच रास्ते में उतर जाती है, रोज की कमाई प्रभावित होती है और कई बार सड़क हादसे का खतरा भी पैदा हो जाता है. कुछ जगहों पर पुलिस ने भी शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की है कि कहीं इस ऐप का जानबूझकर गलत इस्तेमाल तो नहीं किया जा रहा.
कौन से ई-रिक्शा नहीं हो सकते बंद
यह ऐप सभी तरह के ई-रिक्शा को बीच रास्ते बंद नहीं कर सकता है. यह केवल उन बैटरी से कनेक्ट हो सकती है, जिसमें कंपैटिबल ब्लूटूथ सिस्टम लगा है और कनेक्टिविटी का ऑप्शन ऑन है. यह ऐप लीड-एसिड बैटरी के साथ काम नहीं करती. यही वजह है कि लीड-एसिड बैटरी वाले ई-रिक्शा इससे बंद नहीं हो रहे हैं.
ये भी पढ़ें:मोदी सरकार के फैसले पर सीएम विजय को आपत्ति! पत्र लिखकर जताया विरोध, दे दिए कई सुझाव