Vistaar NEWS

कर्ज के नाम पर खौफनाक वसूली! महिला को अगवा कर उतारे कपड़े, VIDEO बनाकर दी धमकी

पुल‍िस ने आरोप‍ियों को किया गिरफ्तार

पुल‍िस ने आरोप‍ियों को किया गिरफ्तार

Bengaluru Loan Recovery Horror: आज के समय में कर्ज कौन नहीं लेता है? हर दूसरा आदमी अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए इसका सहारा लेता है. कई बार बैंक से तो कई बार बाहर से यानी व्यापारी, रिश्तेदार, दोस्त किसी न किसी से कर्ज ले लेता है. लेकिन कई बार कर्ज वसूली में कई मुसीबतों का सामना करना पड़ता है. तो कई बार जिनसे कर्जा लिया है. वह बेवजह ही परेशान किया करते हैं. बेंगलुरु से भी इसी तरह का कुछ मामला सामने आया है.

बेंगलुरु से कर्ज वसूली के नाम पर हैरान करने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि समय पर लोन का ब्याज और किस्त नहीं चुका पाने पर एक महिला को अगवा कर लिया गया. इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई, कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाया गया और उसे वायरल करने की धमकी दी गई. इस मामले में पुलिस ने अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने करीब दो साल पहले एक महिला से 1 लाख रुपये उधार लिए थे. इसके अलावा उसने एक अन्य महिला से 50 हजार रुपये भी लिए थे. आर्थिक परेशानियों के कारण वह पिछले कुछ महीनों से ब्याज और किस्त का भुगतान नहीं कर पा रही थी. बताया गया है कि इसी वजह से उस पर लगातार पैसे लौटाने का दबाव बनाया जा रहा था.

मामला तब और गंभीर हो गया जब पीड़िता ने कथित तौर पर एक आरोपी का फोन नंबर ब्लॉक कर दिया और अपनी मां के घर चली गई. आरोप है कि इसके बाद उसे काम दिलाने के बहाने बुलाया गया. वहां पहुंचने पर दो महिलाओं और एक पुरुष ने उसके साथ मारपीट की.

मारपीट के बाद उतरवाए कपड़े

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिला पर चाकू से हमला किया. इसके बाद फिर उसे ऑटो रिक्शा में जबरन बैठाकर बेंगलुरु के बाहरी इलाके कुंबलगोडु के पास एक मकान में ले गए. वहां उसे कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ मारपीट की गई.

आरोप है कि इसी दौरान महिला के कपड़े उतरवाकर उसका वीडियो भी बनाया गया. आरोपियों ने धमकी दी कि अगर उसने पैसों का भुगतान नहीं किया तो वीडियो को सार्वजनिक कर दिया जाएगा.  

कैसे पता चला पूरा मामला

उधर महिला के अचानक गायब होने के बाद उसकी मां ने चंद्रा लेआउट पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने जांच शुरू की और महिला को उस जगह से सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जहां उसे कथित तौर पर रखा गया था.

पुलिस ने रेशमा बानू, नजाथ और सुहैल को गिरफ्तार किया है. मामले में आगे की जांच जारी है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना में अन्य लोग शामिल थे या नहीं.

ये भी पढ़ें: ‘फर्जी एनकाउंटर गंभीर अपराध…’, सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस भुइयां बोले- पुलिस का रवैया बदलना जरूरी

Exit mobile version