Bhojpur Golikand: बिहार के भोजपुर जिले में आज सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व कस्टम सुपरिंटेंडेंट और क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. उनके शरीर पर करीब 7-8 गोलियों के निशान मिले हैं. घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया. फिलहाल, पुलिस अब हर एंगल से जांच करने में जुटी है.
जानकारी के अनुसार, इस वारदात को बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने अंजाम दिया है. बदमाशों को शायद इस बात की जानकारी रही होगी कि रामकुमार सिंह सुबह-सुबह टलहने के लिए निकलते हैं. प्रतिदिन की तरह आज भी भ्रमण के लिए निकले थे. तभी घात लगाए बैठे बदमाशों ने जैन कॉलेज के पास कनकपुरी मोहल्ले में सीधे फायरिंग शुरू कर दी. जिसमें रामकुमार सिंह की मौत हो गई.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
मृतक रामकुमार सिंह मूल रुप से भोजपुर जिले के ही आरा के रहने वाले हैं, जो नवादा थाना क्षेत्र स्थित कनकपुरी मोहल्ले में घर बनाकर रहते थे. सरकारी सेवा से रिटायर होने के बाद वे सामाजिक कार्यों से जुड़ गए थे. उन्होंने खुद क्षत्रिय कल्याण संगठन की स्थापना की थी और उसमें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. सुबह-सुबह हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
ये भी पढ़ेंः जयपुर में हाईजैक अलर्ट के बाद एयर इंडिया की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, जर्मनी से आ रहा था विमान
गिरफ्तारी के बाद होगा खुलासा
फिलहाल, अभी तक हत्या की कोई वजह सामने नहीं आई है. पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करने में जुट गई है. आखिर किन वजहों से पूर्व अधिकारी की हत्या की गई. हमलावरों का मकसद हत्या कर दहशत फैलाना था या फिर कुछ और? यह तो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल पाएगा.
