Maithili Thakur Land Dispute: बिहार की अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक और लोक गायिका मैथिली ठाकुर इन दिनों एक विवाद के कारण चर्चा में हैं. उनके इस विवाद की वजह कोई और नहीं उनके पिता रमेश ठाकुर हैं. पूरा मामला परिवार से जुड़ा जमीन विवाद का है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि रमेश ठाकुर ने सरकारी जमीन पर कब्जा किया है. जिसके बाद कई तरह के सवाल उठने लगे थे. मामला बढ़ता देख ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की है. इसके साथ बुलडोजर चलाकर एक्शन लिया है.
विवाद में गांव के कई लोगों ने रमेश ठाकुर पर जमीन कब्जाने की शिकायत की थी. शिकायतकर्ता गगन मिश्र का आरोप है कि उनकी करीब 12 धुर निजी जमीन पर रातोंरात चहारदीवारी और गेट बना दिया गया. उन्होंने विरोध करने पर धमकी दिए जाने की बात भी कही है.
वहीं, रामउदार मिश्र ने करीब डेढ़ कट्ठा जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया. ग्रामीणों ने सरकारी सड़क, तालाब से निकलने वाले नाले, ग्राम देवता के स्थान और मंदिर की जमीन को लेकर भी शिकायत की. उनका कहना है कि अतिक्रमण के कारण आम लोगों के आने-जाने का रास्ता प्रभावित हो रहा है.
शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन
गुरुवार को डीसीएलआर अजय कुमार और तारडीह के अंचल अधिकारी आलोक कुमार अधिकारियों की टीम के साथ गांव पहुंचे. यहां शिकायतकर्ताओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में जमीन का निरीक्षण किया गया।. शुरुआती जांच और सीमांकन के दौरान सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण मिलने के बाद मुख्य गेट के बाहर बनाए गए डिवाइडर और ईंटों से तैयार रास्ते को तोड़ने का निर्देश दिया गया.
14 नवंबर को जनता दरबार में होगी सुनवाई
डीसीएलआर अजय कुमार ने बताया कि सरकारी रास्ते पर बने अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई. वहीं, निजी जमीन से जुड़े विवादों की जांच के लिए अंचल अमीन से पैमाइश कराई जा रही. दोनों पक्षों को 14 नवंबर को जनता दरबार में जमीन के मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के लिए कहा गया है.
मैथिली ठाकुर ने क्या कहा?
दूसरी तरफ, मैथिली ठाकुर ने खुद को और अपने परिवार को निर्दोष बताते हुए आरोप लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल सरकारी रास्ते से अतिक्रमण हटाया गया है, जबकि निजी जमीन पर मालिकाना हक को लेकर अंतिम फैसला दस्तावेजों की जांच के बाद ही होगा.
ये भी पढ़ें: आई एम अंडर हाउस अरेस्ट… सोनम वांगचुक का दावा- मेरे घर को हथियारबंद गार्डों ने घेर रखा
