Muzaffarpur Stone Pelting: बिहार के जिले के साहेबगंज बाजार में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन टीम उस वक्त सख्ते में आ गई. जब इलाके में मौजूद छतों से उनके ऊपर ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे. आलम यह रहा कि टीम को अपनी जान बचाकर वहां से भागना पड़ा. हमले में बुलडोजर (JCB) का शीशा और हेडलाइट टूट गई, जबकि आधा दर्जन राहगीर चोटिल हो गए.
प्रशासन की टीम ने पहले से ही गुरुवार तक खुद अतिक्रमण हटाने की मोहलत दी थी. इसके साथ ही लोगों से अपील की थी कि वे खुद ही अतिक्रमण छोड़ दें ताकि टीम को किसी भी तरह के बल का प्रयोग न करना पड़े. इसके बाद भी दुकानदारों ने कब्जा नहीं हटाया.
पथराव में बाल-बाल बचे अधिकारी
टीम ने इससे पहले अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत नवल किशोर चौक से लेकर ब्रजनंदन चौक, बस स्टैंड, गांधी चौक, गोला रोड, अस्पताल रोड, ब्लॉक गेट, केशव चौक और इंद्रदेव चौक तक सड़क किनारे और नालों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया था. यहां कब्जा हटाने में प्रशासन किसी भी तरह की मशक्कत नहीं करनी पड़ी. जैसे ही अमला केशव चौक पहुंचा वैसे ही विपणन केंद्र की छत से टीम पर पथराव शुरू हो गया.घटना में अधिकारी बाल-बाल बचे और पुलिस बल के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की गई.
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
पथराव की खबर मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया. आनन फानन में मौके पर भारी पुलिस बल भेजा गया. जिसके बाद वहां मौजूद उपद्रवी भाग गए. हालांकि अतिक्रमण हटाओ टीम के कुछ कर्मचारियों ने पुलिस को ज्ञापन देकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की है.
इस मामले पर पुलिस का कहना है कि उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और कार्रवाई के लिए साहेबगंज थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने हेतु आवेदन दिया गया है. अब, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पथराव में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में पुलिस जुटी है.
