Bihar News: बिहार के कटिहार से पति-पत्नी के रिश्ते का ऐसा मामला सामने आया है. जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. इसके साथ ही इस बात को सोचने के लिए मजबूर भी कर दिया कि क्या पत्नी को पढ़ाना है या नहीं? पति का आरोप है कि जिस पत्नी को पढ़ाने और बिहार पुलिस में भर्ती कराने के लिए परिवार ने लाखों रुपये खर्च किए, वही अब उससे दूरी बना रही है. मामला इतना बढ़ा कि पति रोते हुए एसपी कार्यालय पहुंच गया. अधिकारियों से अपनी शादी बचाने की गुहार लगाने लगा.
मामला कैमूर के रहने वाले हंस लाल गुप्ता और कटिहार में तैनात महिला सिपाही प्रतिभा विश्वकर्मा से जुड़ा है. हंसलाल के मुताबिक दोनों की मुलाकात उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में हुई थी. बातचीत प्यार में बदली और दोनों ने 2021 में शादी कर ली. बाद में 2024 में कोर्ट मैरिज भी की.
ससुर ने रिक्शा चलाकर बहू को पढ़ाया
शादी के बाद प्रतिभा ने पुलिस में जाने की इच्छा जताई. परिवार ने आर्थिक तंगी के बावजूद उसका साथ दिया. हंसलाल और उसके पिता परमहंस गुप्ता ने पढ़ाई और पुलिस भर्ती की तैयारी में करीब 8 से 9 लाख रुपये खर्च किए. ससुर ई-रिक्शा चलाते थे और परिवार ने अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा बहू के सपने को पूरा करने में लगा दिया.
मेहनत रंग लाई और प्रतिभा बिहार पुलिस में सिपाही बन गईं. उनकी पहली पोस्टिंग कटिहार के मनसाही थाने में हुई. यहीं से पति के मुताबिक कहानी में नया मोड़ आया. उसका आरोप है कि ट्रेनिंग और नौकरी के बाद पत्नी उससे कम बात करने लगीं, मिलने से बचने लगीं और धीरे-धीरे रिश्ते से दूरी बनाने लगीं.
पति ने लगाया दूसरे युवक से संबंध का आरोप
हंसलाल ने एक अन्य युवक के साथ पत्नी के कथित संबंध होने का भी आरोप लगाया है. हालांकि, पति के दावे पर महिला सिपाही ने अब तक तक कोई सफाई पेश नहीं की है. पति का यह भी दावा है कि पत्नी अब उसे अपना पति मानने से इनकार करती है.
आखिरकार हंसलाल अपने पिता के साथ कटिहार पुलिस केंद्र पहुंचा. वहां पत्नी से बात कर रिश्ता बचाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी. इसके बाद दोनों एसपी कार्यालय पहुंचे और लिखित आवेदन देकर मदद मांगी है. अब देखना होगा कि पत्नी वापस आती है या फिर पति की गुहार बेकार जाती है.
ये भी पढ़ें:रीवा: प्रसूता कल्पना मिश्रा की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, अब डॉ. गुंजन गोस्वामी को किया गया निलंबित
