Vistaar NEWS

‘वैसे भी कम खा रहे लोग…’, महंगी चीनी पर मंत्री जी का तर्क, विपक्ष बोला- यही उपाय है क्‍या?

मंत्री श्रवण कुमार

मंत्री श्रवण कुमार

Bihar sugar price: देशभर में चीनी की कीमतों में इजाफा देखने को मिल रहा है. प‍िछले 20 दिनों के भीतर 19 रुपये तक कीमतें बढ़ चुकी है. यही वजह है कि कई जगहों पर व‍िरोध प्रदर्शन हुए. बढ़ती कीमतों को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है. जेडीयू कोटे के मंत्री श्रवण कुमार के एक बयान पर विपक्ष ने उन्हें घेर लिया है. वहीं, जेडीयू के विधायक शुभानंद मुकेश ने भी माना कि चीनी के बढ़ते दाम से आम लोगों को परेशानी हो रही है.

दरअसल, गुरुवार को पटना में मीडिया ने श्रवण कुमार से चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर सवाल किया था. जवाब में मंत्री ने कहा कि आजकल लोग वैसे भी चीनी कम खा रहे हैं. उन्होंने कहा कि मिठाई खाने का चलन भी कम हुआ है. उन्‍होंने तर्क दिया क‍ि आजकल ज्यादातर लोग डायबिटीज जैसी बीमारी से परेशान हैं.

महंगाई को भी नेताओं ने बना द‍िया मजाक

मंत्री ने यह भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि चीनी की कीमत बढ़ने से लोगों पर बहुत ज्यादा असर पड़ेगा. मंत्री के इस बयान के बाद विपक्ष को सरकार पर हमला बोलने का मौका मिल गया. आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि महंगाई से गरीब और आम लोग परेशान हैं, लेकिन सरकार के मंत्री इस मुद्दे को गंभीरता से लेने के बजाय ऐसी बातें कर रहे हैं जो स्वीकार करने लायक नहीं हैं.

मंत्री को इस तरह के बयान नहीं देने चाह‍िए

बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने भी श्रवण कुमार पर निशाना साधा है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर ऐसे लोगों को मंत्री बनाया जाएगा तो इसी तरह के बयान सुनने को मिलेंगे. उन्होंने कहा कि बिहार की बड़ी आबादी महंगाई की मार झेल रही है. इसका असर मंत्री को समझना चाहिए.

आम आदमी की चाय हो रही महंगी

खास बात यह है कि जेडीयू विधायक शुभानंद मुकेश ने भी चीनी के दाम बढ़ने पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि नेता भी आम आदमी हैं. उन्हें भी चाय-चीनी की जरूरत पड़ती है. उनके मुताबिक कीमत बढ़ने से परेशानी तो हो रही है, हालांकि सरकार इस मामले को देख रही है.

अब श्रवण कुमार का डायबिटीज वाला बयान सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है. विपक्ष इसे महंगाई से जुड़े गंभीर सवाल से बचने वाला बयान बता रहा है.

ये भी पढ़ें:‘शरीर में 200 छर्रे, खतरे में आंख की रोशनी…’, राहुल बोले- FIR नहीं होने तक डटे रहेंगे, RAF की तैनाती

Exit mobile version