Vistaar NEWS

BJP और शिरोमणि अकाली दल एक साथ मिलकर लड़ेंगे पंजाब चुनाव, अमित शाह ने किया ऐलान

Amit Shah

BJP और शिरोमणि अकाली दल एक साथ मिलकर लड़ेंगे पंजाब चुनाव, अमित शाह ने किया ऐलान

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेसवार्ता कर घोषणा की है कि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (SAD) आगामी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव एक साथ मिलकर लड़ेंगे. इस दौरान अमित शाह के साथ ही भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल के मुखिया सुखबीर सिंह बादल भी मौजूद रहे. इस दौरान अमित शाह ने दावा किया कि 31 दिसंबर 2029 तक हम पंजाब को पूरी तरह से नशा मुक्त बना देंगे.

अमित शाह ने दिल्ली में आज मंगलवार को प्रेसवार्ता करते हुए ऐलान किया कि BJP और SAD का औपचारिक रूप से पंजाब चुनाव के लिए गठबंधन किया जाता है. अमित शाह ने कहा कि दोनों दल एक साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे. आज से अकाली दल राजनीति में NDA के एक आधिकारिक सहयोगी के रूप में काम करेगा.

अकाली दल हमारा सबसे पुराना सहयोगीः शाह

अमित शाह ने कहा, “सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में, अकाली दल हमारा सबसे पुराना सहयोगी रहा है. हमने साथ मिलकर कई चुनाव लड़े हैं. जिसमें जीत और हार दोनों देखी हैं. फिर भी हमारा रिश्ता अटूट रहा है. आज, इस साझेदारी को फिर से शुरू किया जा रहा है, जिससे हमें बहुत खुशी है.”

अमित शाह ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि NDA का सबसे पुराना सहयोगी, SAD आज फिर से वापस आ रहा है. बादल साहब की पार्टी के बिना NDA अधूरा था. इस दौरान अमित शाह ने कहा कि पंजाब से भ्रष्टाचार को मिटाना एक अहम लक्ष्य होगा, और राज्य के भीतर राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करना भी हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक होगा. इसके साथ ही नशे को खत्म करने की बात कही.

क्या बोले सुखबीर सिंह बादल

सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि अकाली और बीजेपी का गठबंधन एक इमोशनल गठबंधन है. शिरोमणि अकाली दल कोई नई पार्टी नहीं, बल्कि 106 साल पुरानी दूसरे नम्बर की देश की पार्टी है. अकाली दल ने आजादी की लड़ाई और इमरजेंसी की लड़ाई मेरे पिता प्रकाश सिंह बादल ने लड़ी. 1996 में मेरे पिता प्रकाश सिंह बादल और आडवाणी जी ने जो रिश्ता बनाया, उसे आज हम फिर से आगे लेकर चल रहे हैं.

कौन होगा पंजाब का मुख्यमंत्री

पंजाब में NDA की तरफ से कौन मुख्यमंत्री बनेगा. इसको लेकर भी स्पष्ट कर दिया गया है. अमित शाह ने कहा कि बड़ा भाई अकाली दल ही होगा CM उम्मीदवार. यानी कि सीएम अकाली दल से ही बनाया जाएगा.

Exit mobile version