Bengal Crime: बंगाल के बीरभूम में भारतीय जनता पार्टी के एक नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई. जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पहले भाजपा नेता को फोन कर बुलाया, फिर सीधे सिर में गोली मार दी. इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव की स्थिति बन गई है. पुलिस ने मृतक की पहचान भाजपा नेता चंदन भल्ला (46) के रूप में की है.
परिजनों के मुताबिक, चंदन भल्ला के मोबाइल पर किसी का फोन आया था. जिसके बाद वे घर से निकले थे. इसी दौरान उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आरोपी चेहरे को ढककर आए थे, जो बाइक से भागते दिखाई दिए हैं. चंदन भल्ला बोलपुर के वार्ड नंबर 11 में बूथ नंबर 202 के बीजेपी बूथ प्रेसिडेंट थे.
क्या बोली पुलिस?
बीरभम पुलिस अधीक्षक विदित राज भुंदेश ने बताया कि शुरुआती जांच में गोली मारकर हत्या करने जैसा लग रहा है. हालांकि, अभी स्पष्ट नहीं हो पाया कि हत्या की असली वजह क्या है? यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही क्लियर हो पाएगी. आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई है, जो आसपास के इलाके में छापेमारी कर रही है. मौके से सबूत भी एकत्रित किए जा रहे हैं, जिनकी मदद से पुलिस आरोपियों तक आसानी से पहुंच सकेगी.
ये भी पढ़ेंः प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने पर भड़की CJP, शुरू करेगी जेल भरो आंदोलन… अभिजीत दीपके का बड़ा ऐलान
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल, इस घटना के बाद प्रदेश में भी राजनीतिक गहमागहमी फैल गई है. भाजपा नेताओं ने पुलिस से 24 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उनको फोन किसने किया था और इस गोलीबारी के पीछे किसका हाथ है. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.
