मुंबई. रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (Reliance Communication) मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए दूसरी पूरक चार्जशीट दाखिल की है. सीबीआई ने यह चार्जशीट रिलायंस एडीए ग्रुप के ग्रुप मैनेजिंग डायरेक्टर अमिताभ झुनझुनवाला के खिलाफ मुंबई की विशेष सीबीआई अदालत में पेश की. उन पर आपराधिक साजिश, आपराधिक न्यासभंग और धोखाधड़ी जैसे आरोप लगाए गए हैं.
सीबीआई की जांच के मुताबिक अमिताभ झुनझुनवाला ने कथित आपराधिक साजिश के तहत भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) को धोखा देकर रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड और रिलायंस इन्फ्राटेल लिमिटेड के लिए 1200 करोड़ रुपए का टर्म लोन हासिल करने में भूमिका निभाई. इन कंपनियों द्वारा ऋण नहीं चुकाने के कारण बैंक को करीब 971.25 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ.
सीबीआई ने एसबीआई (SBI) की शिकायत के आधार पर यह मामला दर्ज किया था. एफआईआर के अनुसार इस पूरे मामले में भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और वित्तीय संस्थानों की कुल वित्तीय हिस्सेदारी करीब 19,694.33 करोड़ रुपए है.
मई 2026 को दाखिल की थी पहली चार्जशीट
सीबीआई ने इससे पहले 29 मई 2026 को पहली चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड, कंपनी के पांच वरिष्ठ अधिकारियों और 10 बैंक अधिकारियों समेत 16 आरोपियों को शामिल किया गया था. इसके बाद नेटिजन इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशकों अनिल जामना कल्या तथा टुनू साहू के खिलाफ पूरक चार्जशीट दाखिल की गई.
अमिताभ झुनझुनवाला को आरोपी बनाए जाने के बाद इस मामले में अब तक कुल 20 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हो चुकी है. सीबीआई ने स्पष्ट किया है कि मामले के अन्य आरोपियों और जांच के दूसरे पहलुओं को लेकर आगे की जांच जारी है.
सीबीआई ने रिलायंस कम्युनिकेशंस, रिलायंस होम फाइनेंस, रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस और रिलायंस टेलीकॉम से जुड़े मामलों में विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, भारतीय जीवन बीमा निगम और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की शिकायतों पर कुल आठ एफआईआर दर्ज की हैं.
रिलायंस एडीए ग्रुप से जुड़े मामलों में सीबीआई अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं. इन मामलों की जांच की निगरानी सुप्रीम कोर्ट द्वारा की जा रही है. सीबीआई ने कहा है कि वह मामलों की तेजी से और व्यापक तरीके से जांच जारी रखेगी.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः ‘वैसे भी कम खा रहे लोग…’, महंगी चीनी पर मंत्री जी का तर्क, विपक्ष बोला- यही उपाय है क्या?
