Chhath Puja 2026: देशभर में लोग छठ महापर्व के लिए बेसर्बी से इंतज़ार करते हैं. खासतौर पर बिहार का आदमी कहीं भी हो, उसकी पूरी कोशिश रहती है कि वह छठ महापर्व पर किसी तरह अपने घर पहुंच जाए. लेकिन, उसका घर पहुंचना किसी जंग से कम नहीं होता है. ऐसा इसलिए क्योंकि ट्रेन में टिकट नहीं मिलती, फ्लाइट का किराया इतना होता है कि कोई उसका भुगतान करने से पहले कई बार सोचता है. ऐसी स्थिति में बिहारी आदमी अपने दिमाग का इस्तेमाल करता है.
बेगूसराय के एक शख्स ने ऐसा रास्ता चुना, जिसे सुनकर आप भी कहेंगे कि घर जाने का जुनून हो तो ऐसा! उन्होंने टिकट के इंतजार में समय गंवाने के बजाय सीधे 26 लाख रुपये की नई टाटा सफारी खरीद ली. इसके बाद परिवार के साथ बेंगलुरु से बिहार के लिए निकल पड़े.
हर हाल में पहुंचना था घर
बेगूसराय के गढ़हारा गांव के रहने वाले धनंजय कुमार बेंगलुरु में रहते हैं. धनंजय पिछले तीन साल से छठ पूजा पर अपने गांव नहीं पहुंच पाए थे. इस बार उन्होंने ठान लिया था कि चाहे कुछ भी हो जाए, छठ अपने परिवार के साथ ही मनाएंगे.
धनंजय के मुताबिक, उन्होंने करीब दो महीने तक ट्रेन का टिकट बुक कराने की कोशिश की. लेकिन, टिकट नहीं मिल पाई. इसके बाद उन्होंने फ्लाइट का किराया देखा. शुरुआत में बेंगलुरु से पटना का किराया करीब 17,500 रुपये था, लेकिन बाद में यह बढ़कर 25 हजार रुपये तक पहुंच गया. ऐसे में उन्होंने सोचा कि जब गाड़ी खरीदनी ही है तो इस बार क्यों न नई कार के साथ ही घर पहुंचा जाए.
इसके बाद वह टाटा की एजेंसी पहुंचे. वहां नई गाड़ी की वेटिंग भी काफी थी. लेकिन, छठ पर घर जाने की बात सुनकर एजेंसी के कर्मचारियों ने मदद की. उन्हें 26 लाख रुपये की टाटा सफारी की डिलीवरी यात्रा शुरू होने से करीब 10 दिन पहले मिल गई.
चार दिन में 2 हजार किलोमीटर का सफर
धनंजय 4 नवंबर को पत्नी ज्योति कुमारी, दोनों बच्चों और दोस्त हिमांशु के साथ बेंगलुरु से रवाना हुए. करीब चार दिन बाद 8 नवंबर को उनका काफिला बेगूसराय पहुंच गया. इस दौरान उन्होंने सिर्फ गाड़ी नहीं चलाई, बल्कि सफर को छोटी-छोटी छुट्टियों में भी बदल दिया.
रास्ते में नागपुर से पहले इलाहाबाद में रुके. इसके बाद रीवा में घूमे और फिर प्रयागराज पहुंचकर संगम में स्नान किया. यहां से वाराणसी गए और बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए.
26 हजार में पूरा हुआ रोड ट्रिप का खर्च
धनंजय ने बताया कि पूरे सफर में करीब 13 हजार रुपये का डीजल लगा. वहीं होटल, खाना और घूमने-फिरने समेत कुल खर्च लगभग 26 हजार रुपये आया. बच्चों को रास्ते में बोरियत न हो, इसके लिए उन्होंने गाड़ी में गेम और मनोरंजन का इंतजाम भी किया था. लूडो जैसे खेलों के साथ सफर का मजा लिया.
