Deepke Ko Girftari Ka Dar: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि संगठन से जुड़े कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं को जल्द हिरासत में लिया जा सकता है. उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी जानकारी मिली है कि आज रात कार्रवाई हो सकती है. दीपके ने अपने समर्थकों से अपील की है कि अगर गिरफ्तारी होती है तो भी आंदोलन को शांतिपूर्ण तरीके से जारी रखा जाए.
दीपके ने कहा कि उनकी टीम पिछले कई दिनों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रही है और संविधान के दायरे में रहकर अपनी मांगें उठा रही है. उनका सवाल है कि जब आंदोलन शांतिपूर्ण है तो सरकार की ओर से गिरफ्तारी जैसे कदम उठाने की जरूरत क्यों पड़ रही है.
उन्होंने कहा कि CJP का आंदोलन महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों से प्रेरित है और संगठन लोकतांत्रिक तरीकों से अपनी बात रखने में विश्वास करता है. दीपके ने चेतावनी दी कि यदि कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की जाती है तो इससे आंदोलन और तेज हो सकता है.
वांगचुक के मामले का भी किया जिक्र
अभिजीत दीपके ने अपने बयान में सोनम वांगचुक से जुड़े घटनाक्रम का भी उल्लेख किया. उनका दावा है कि वांगचुक को हटाए जाने के बाद आंदोलन को और समर्थन मिला. उन्होंने प्रदर्शन के दौरान युवाओं और छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि इससे आंदोलन का दायरा बढ़ा है.
दीपके ने समर्थकों से कहा कि किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था बनाए रखी जाए और हिंसा से दूर रहा जाए. उन्होंने साफ किया कि संगठन का उद्देश्य शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से अपनी मांगों को सामने रखना है.
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई
CJP संस्थापक ने एक बार फिर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई, उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक जंतर-मंतर पर चल रहा प्रदर्शन जारी रहेगा.
हालांकि, गिरफ्तारी को लेकर दीपके का दावा उनकी ओर से किया गया बयान है. इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि की जानकारी उपलब्ध नहीं है.
ये भी पढ़ें:कॉकरोच पार्टी और सरकार के बीच बैठक खत्म! कुछ मांगों पर बनी बात, प्रधान के इस्तीफे पर कल देंगे जवाब
