Vistaar NEWS

द‍िल्‍ली में वोट चोरी के विरोध के बीच बवाल! PM के समर्थन में नारे लगाने वाले कश्‍मीरी युवक से मारपीट

cjp protest

कश्‍मीरी युवक के साथ मारपीट का आरोप

Congress BJP Workers Clash: दिल्ली के कनॉट प्लेस में गुरुवार को कांग्रेस और बीजेपी समर्थकों के बीच विवाद का मामला सामने आया है. यह घटनाक्रम उस वक्त हुआ, जब कांग्रेस समेत विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर जुटे थे. इसी दौरान एक युवक के साथ कथित मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कनॉट प्लेस में विपक्षी सांसदों के लिए लंच का आयोजन किया था. इसके बाद विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं के जंतर-मंतर की ओर बढ़ने की तैयारी थी. इसी के बीच इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी. इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाने लगा.

जम्‍मू-कश्‍मीर का रहने वाला है युवक

युवक ने खुद को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर का रहने वाला और प्रधानमंत्री मोदी का समर्थक बताया है. उसका आरोप है कि उसने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ कोई नारा नहीं लगाया था. इसके बावजूद कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसके साथ मारपीट की.

जो वीड‍ियो इस घटना के सामने आए उसमें भी कुछ लोगों के बीच धक्का-मुक्की और विवाद की स्थिति दिखाई दे रही हैं. हालांकि, पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.

कांग्रेस के प्रदर्शन के बीच हंगामा

यह विवाद ऐसे समय हुआ है, जब कांग्रेस और INDIA ब्लॉक चुनाव आयोग के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं. विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठा रहे हैं. राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेता पिछले दिनों प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए थे. कांग्रेस का कहना है कि वह चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता के मुद्दे पर अपना आंदोलन जारी रखेगी.

दूसरी ओर, बीजेपी और चुनाव आयोग ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है. ऐसे में कनॉट प्लेस की यह झड़प अब राजनीतिक टकराव को और बढ़ाने वाली घटना बनती दिखाई दे रही है.

ये भी पढ़ें: बेंगलुरु में SIR के खिलाफ हल्लाबोल! ‘जनता की अदालत’ के बाद चप्पल प्रदर्शन

Exit mobile version