Vistaar NEWS

लंदन जाने से क्यों रोके गए CJP के सौरव दास? विदेश मंत्रालय ने बताई पासपोर्ट में गड़बड़ी की वजह

Saurav Das

सौरव दास

Cockroach Janta Party: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास को लंदन जाने से रोके जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. इस मामले में विदेश मंत्रालय ने बुधवार को अपना जवाब द‍िया है. मंत्रालय का कहना है कि सौरव दास के पासपोर्ट में जन्मस्थान से जुड़ी जानकारी को लेकर कुछ गड़बड़ी सामने आई है. इसी वजह से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने उन्हें नोटिस भेजकर जवाब मांगा है.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) ने 23 नवंबर को सौरव दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया था. इसमें उन्हें सात दिनों के भीतर अपनी बात रखने और जन्मस्थान से जुड़े दस्तावेज देने को कहा गया. इसके साथ ही उन्हें सलाह दी गई है कि जब तक वह अपना जवाब नहीं देते, तब तक इस पासपोर्ट का इस्तेमाल न करें.

मंत्रालय के मुताबिक, पासपोर्ट बनवाते समय आवेदक को अपनी सभी जानकारियां सही देनी होती हैं. अगर बाद में किसी जानकारी में अंतर या तथ्य छिपाने की बात सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति से जवाब मांगा जाता है. इसके बाद उसके जवाब और दस्तावेजों की जांच करके आगे का फैसला लिया जाता है.

एयरपोर्ट पर रोक दिए गए थे सौरभ

दरअसल, सौरव दास को 23 नवंबर की रात दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया था. वह ब्रिटेन के कई शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रमों में शामिल होने जा रहे थे. इनमें ऑक्सफोर्ड यूनियन का कार्यक्रम भी शामिल था, जहां उन्हें CJP के ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर बोलना था।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, उनके आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट और स्कूल के दस्तावेजों में जन्म से जुड़ी जानकारियों में अंतर पाया गया. इनमें जन्मतिथि और पिता के नाम को लेकर भी सवाल उठे हैं. उनका पासपोर्ट 21 अगस्त 2019 को जारी हुआ था. अब इन जानकारियों की दोबारा जांच की जा रही है.

दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे सौरव दास

सौरव दास ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि सरकार उन्हें विदेश में अपनी बात रखने से रोकना चाहती है. उन्होंने इस फैसले को चुनौती देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. कोर्ट में मामले पर 26 नवंबर को सुनवाई होनी है.

अगर पासपोर्ट कार्यालय को उनका जवाब संतोषजनक नहीं लगता है तो पासपोर्ट जब्त करने की कार्रवाई भी हो सकती है. हालांकि, अभी इस मामले में अंतिम फैसला नहीं हुआ है.

Exit mobile version