Delhi University: दिल्ली यूनिवर्सिटी ने अपने एक पीएचडी छात्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है. लॉ फैकल्टी के शोधार्थी शुभम सिंह का पीएचडी पंजीकरण रद्द कर दिया गया है. इसके साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने उस पर तीन साल तक डीयू परिसर में प्रवेश करने, दाखिला लेने और किसी भी परीक्षा में शामिल होने पर रोक लगा दी है. यह कार्रवाई लॉ फैकल्टी के वरिष्ठ प्रोफेसर अनुपम झा के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में की गई है.
विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर प्रो. मनोज कुमार सिंह ने 13 नवंबर 2026 को इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी किया. इसमें बताया गया कि 17 अगस्त को उमंग भवन के प्रवेश द्वार के पास सुबह करीब 10:30 बजे यह घटना हुई थी.
प्रोफेसर अनुपम झा ने की थी शिकायत
प्रोफेसर अनुपम झा ने उसी दिन विश्वविद्यालय के कुलपति से शिकायत की थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि पीएचडी छात्र शुभम सिंह ने उनके साथ मारपीट की. शिकायत मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शुभम को पीएचडी कार्यक्रम से निलंबित कर दिया था. साथ ही उसके परिसर में आने पर रोक लगा दी गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एक स्वतंत्र जांच समिति भी बनाई गई थी.
जांच समिति ने मामले की पड़ताल के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य दस्तावेजों को आधार बनाया. समिति ने शुभम सिंह को भी अपना पक्ष रखने का मौका दिया था. इसके लिए 31 अगस्त और 1 सितंबर को ईमेल भेजे गए.
विश्वविद्यालय के आदेश के अनुसार, छात्र ने 2 सितंबर को जवाब दिया, लेकिन उसमें जांच समिति के सदस्यों के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया. उसने घटना को लेकर कोई स्पष्ट सफाई नहीं दी.
पहले भी सामने आए थे अनुशासनहीनता के मामले
जांच समिति ने 9 सितंबर को अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंप दी थी. रिपोर्ट में कहा गया कि शुभम सिंह के खिलाफ पहले भी अनुशासनहीनता से जुड़ी शिकायतें सामने आई थीं. इसलिए अगस्त में हुई घटना को अकेला मामला मानकर नहीं देखा जाना चाहिए.
समिति ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रोफेसर अनुपम झा का शुभम के साथ कोई सीधा अकादमिक सुपरविजन संबंध नहीं था. ऐसे में दोनों के बीच किसी शैक्षणिक जिम्मेदारी को लेकर विवाद की वजह भी सामने नहीं आई.
ये भी पढ़ें: बेटों को छोड़ना पड़ा इंडियन पासपोर्ट… दोहरी नागरिकता की मांग को लेकर शशि थरूर ने छेड़ी नई बहस
