Vistaar NEWS

इंडिया गठबंधन के नेताओं की कोशिश नाकाम, परिसीमन बिल का सपोर्ट करेगी DMK

Delimitation Bill

Delimitation Bill: चेन्‍नई पहुंचे इंड‍िया गठबंधन के नेताओं का पूर्व सीएम एमके स्टालिन ने अपने घर पर गले लगाकर स्वागत किया. सोनिया गांधी INDIA ब्लॉक के नेताओं के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए उनसे मिलने पहुंचीं. मुलाकात के बाद परिसीमन बिल को लेकर करीब 70 मिनट से ज्‍यादा तक चर्चा हुई. मुलाकात भी काम नहीं आई डीएमके ने सरकार के साथ रहने की बात कही है. मतलब यह कि डीएमके अब अपने फैसले से पलटने वाली नहीं है.

डीएमके आईटी विंग की ओर से जारी पोस्ट में कहा गया है कि DMK कभी भी तमिलनाडु के खिलाफ स्टैंड नहीं लेती!

राहुल ने स्‍टाल‍िन से मुलाकात के बाद क्‍या कहा?

राहुल गांधी ने एमके स्टालिन से मुलाकात के बाद कहा कि हम हम परिसीमन के खिलाफ हैं. हमने भाई स्टालिन को बताया कि हम परिसीमन के खिलाफ हैं. आप भी हमारा साथ दें. आरएसएस एंटी तमिल फोर्स है. राहुल ने आरोप लगाया कि वे तमिल कल्चर को खत्म करना चाहते हैं. बीजेपी के इरादे ठीक नहीं हैं. एक बार भाजपा ने लोकसभा क्षेत्रों का बंटवारा कर दिया, तो वे तमिलनाडु की संस्कृति खत्म कर देंगे. 

राहुल ने कहा कि स्टालिन जी के साथ हमारी बहुत अच्छी और सौहार्दपूर्ण बातचीत हुई. हमने उनके सामने अपना पक्ष रखा. हमने स्टालिन जी से जो तमिलनाडु के प्रबल रक्षक हैं. आग्रह किया कि वे तमिलनाडु की रक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि BJP की यह कुटिल योजना सफल न हो पाए.

समर्थन के अलावा कोई और विकल्प नहीं- स्टालिन

राहुल गांधी और INDIA गठबंधन के अन्य नेताओं से मुलाकात के बाद एमके स्टालिन ने मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उन्‍होंने कहा कि अगर 1971 की जनगणना के आधार पर परिसीमन (delimitation) किया जाता है, तो तमिलनाडु पर बुरा असर पड़ेगा. कुल मिलाकर दक्षिणी राज्यों पर इसका असर होगा. खासकर दक्षिणी राज्यों की राजनीतिक पार्टियों के लिए, यह अस्तित्व की लड़ाई है.

आगे कहा कि ऐसे हालात में, इस बिल का समर्थन करने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है. कोई दूसरा विकल्प भी मौजूद नहीं है. संसद में अपनी ताकत का इस्तेमाल करके, हमने अगले 25 सालों के लिए तमिलनाडु के राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित कर लिया है. इस मामले में कोई भी भावुक या जल्दबाजी भरा फैसला लेने की बिल्कुल भी गुंजाइश नहीं है. अन्ना से लेकर स्टालिन तक, हमने राज्यों के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी है,  हम इस संघर्ष में विजयी होंगे. पूरे भारत से नेताओं के यहां आने के बावजूद, हमारा रुख वही है – जो पहले था, जो आज है, और जो हमेशा रहेगा. तमिलनाडु सबसे पहले है.

राहुल का गले लगाकर किया स्‍वागत

स्टालिन ने घर पहुंचते ही राहुल से हाथ मिलाया और उनके गले मिले. इसके बाद खड़गे, सोनिया, ममता समेत गठबंधन के नेताओं की स्टालिन के साथ बैठक हुई. स्टालिन ने एक दिन पहले बिल के समर्थन का ऐलान किया था. कांग्रेस को भरोसा था कि बातचीत के स्‍टाल‍िन से वापस आ सकते हैं. यही वजह है कि सभी नेता चेन्‍नई पहुंचे थे.

70 मिनट चली मुलाकात के बाद इंड‍िया गठबंधन के नेता स्‍टाल‍िन के घर से रवाना हो चुके हैं. इसके बाद सभी नेता मुंबई रवाना होंगे. यहां उनकी मुलाकात एनसीपी नेता शरद पवार से होगी.

उद्धव ठाकरे ने बिल को लेकर क्‍या कहा?

परिसीमन विधेयक पर शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अपना रुख साफ कर द‍िया है. उन्‍होंने कहा कि हम इस विधेयक का विरोध क्यों कर रहे हैं? पहली बात, इस विधेयक के लिए बनाई गई समिति में ज्ञानेश कुमार और एक पूर्व मुख्य न्यायाधीश को शामिल किया गया है. इन्हें किसने चुना? मोदी और अमित शाह ने ही चुना है.तीसरा सदस्य भी ज्ञानेश कुमार ही चुनेंगे. सच कहें तो बीजेपी ने पहले ही पूरी पटकथा तैयार कर ली है.

आगे कहा कि इस समिति में कम से कम एक विपक्षी नेता को तो शामिल किया जाना चाहिए था. महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित हो चुका है. मैं उस विधेयक का समर्थन करता हूं और अगर वे इसे अभी भी लाते हैं, तो मैं तुरंत इसका समर्थन करने के लिए तैयार हूं. आप महिलाओं के नाम पर राजनीति कर रहे हैं और उन्हें बेवकूफ बना रहे हैं. हमने अपनी पार्टी के 9 शिवसेना सांसदों को बता दिया है कि आगे क्या करना है.

द‍िल्‍ली में बैठकों का दौर जारी

प्रधानमंत्री आवास पर बिल से पहले बड़ी बैठक आयोजित की गई. संसद सत्र से पहले स‍ियासी हलचल तेज हो चली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर अहम बैठक हुई. जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू मौजूद रहे. बैठक में संसद के आगामी सत्र और महिला आरक्षण बिल को लेकर चर्चा हुई.

ब‍िल से पहले ड‍िनर पॉल‍िट‍िक्‍स

परिसीमन और महिला आरक्षण बिल से पहले बीजेपी के सांसद एकजुट होंगे. संसद में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को पेश किए जाने से पहले बीजेपी ने राज्यों के सांसदों के साथ बैठकों और डिनर करेगी.

बिहार के सांसदों का डिनर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के आवास पर आज शाम 7:30 बजे से होगा. गुजरात के सांसदों का डिनर केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल के दिल्ली स्थित आवास पर होगा. वहीं राजस्थान के सांसदों का डिनर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के दिल्ली स्थित आवास पर होगा.

Exit mobile version