DUSU Election Result Meeting: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव के रिजल्ट के बाद कांग्रेस ने समीक्षा बैठक बुलाई थी. जिसमें कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी भी शामिल हुए. इस दौरान पार्टी के शीर्ष नेतृव्य की नाराजगी देखने को मिली. राहुल गांधी ने वहां पर बैठे नेताओं से सवाल किया कि हम प्रेसिडेंशियल सीट जीतने के बेहद करीब थे, फिर ऐसा क्या हुआ? चुनाव प्रबंधन में कमियों को लेकर एनएसयूआई के अध्यक्ष विनोद जाखड़ और कन्हैया कुमार की जमकर क्लास ली. जानें बैठक के दौरान क्या बात हुई?
दरअसल, डूसू चुनाव में एनएसयूआई टक्कर में रही. रिजल्ट की गिनती के दौरान तो कई बार एनएसयूआई एबीवीपी से भी आगे रही, लेकिन अंततः चारों पदों पर हार का सामना करना पड़ा. चुनाव परिणामों को लेकर कांग्रेस के आलाकमान ने काफी नाराजगी जताई और हाईलेवल मीटिंग बुलाकर छात्र नेताओं से कई सवाल पूछे. इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचि केसी वेणुगोपाल के साथ-साथ NSUI के प्रभारी कन्हैया कुमार और NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ भी मौजूद रहे.
ऐसे रिजल्ट की बिल्कुल उम्मीद नहीं थीः राहुल गांधी
राहुल गांधी ने मीटिंग के दौरान साफ कहा कि पार्टी संगठन को इस तरह से रिजल्ट की बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी. आलाकमान ने कहा कि उस दौरान जब देशभर में युवाओं और Gen-Z से जुड़े मुद्दों पर राजनीतिक सक्रियता तेजी से बढ़ रही है. उस दौरान दिल्ली यूनिवर्सिटी जैसे चुनाव में हार मिलना काफी गंभीर मामला है.
ये भी पढ़ेंः ‘728 वोटरों में से केवल 1 बचा…’, SIR विवाद बीच राहुल गांधी ने SDM को लगाया फोन, बोले-आपको अलग तरीके से देखेंगे
तय होगी जवाबदेहीः आलाकमान
बैठक में शामिल संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कन्हैया कुमार से पूछा कि जब चुनाव में उम्मीदवार और उनकी जीत की जिम्मेदारी खुद ली थी, तो फिर रिजल्ट पार्टी की उम्मीदों से बिल्कुल अलग कैसे आए? इतना ही नहीं, कांग्रेस आलाकमान ने स्पष्ट किया कि इस हार के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए. इसके बाद पार्टी ने दोनों छात्र नेताओं कन्हैया कुमार और विनोद जाखड़ से विस्तृत रिपोर्ट और जवाब मांगा है.
