Vistaar NEWS

अब पवन शर्मा करेंगे ECINet की निगरानी, विवाद के बीच चुनाव आयोग में बड़ा फेरबदल

Election Commission of India

भारत निर्वाचन आयोग

Election Commission: चुनाव आयोग (ECI) ने अपने सीनियर अधिकारियों के बीच कामकाज की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है. आयोग ने आईटी और डिजिटल सिस्टम से जुड़े विभागों की निगरानी के लिए नई व्यवस्था लागू की है. इसके तहत वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त पवन कुमार शर्मा को आईटी, आईसीटी और शिकायत निवारण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

वहीं, आईटी महानिदेशक सीमा खन्ना को अब इन विभागों से जुड़ी फाइलें पवन शर्मा के माध्यम से भेजनी होंगी. यह बदलाव ECINet पोर्टल और ऐप के कामकाज की निगरानी के लिहाज से अहम माना जा रहा है.

नए आदेश के बाद बदले अधिकारी

चुनाव आयोग ने 4 नवंबर को नया कार्य आवंटन आदेश जारी किया था. इसके तहत सीमा खन्ना के कामकाज को पवन कुमार शर्मा की निगरानी में रखा गया है. सीमा खन्ना के पास आईटी, आईसीटी और जन शिकायत निवारण प्रणाली (PGRS) से जुड़े विभाग बने रहेंगे. हालांकि, इन विभागों की फाइलों को आगे बढ़ाने के लिए अब उन्हें पवन शर्मा के जरिए भेजना होगा.

जुलाई के आदेश से शुरू हुआ था विवाद

जिम्मेदारियों में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब चुनाव आयोग के भीतर अधिकारियों के कामकाज को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुका है. इसकी शुरुआत 28 जुलाई को जारी एक आदेश से हुई थी. उस समय आईटी और आईसीटी विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर संजय कुमार से यह प्रभार हटाकर सीधे सीमा खन्ना के पास कर दिया गया था. इससे उनके सीधे चुनाव आयोग को रिपोर्ट करने की व्यवस्था बनने की बात सामने आई थी.

इस फैसले पर चुनाव आयुक्त एसएस संधू और विवेक जोशी ने आपत्ति जताई थी. दोनों ने 29 जुलाई को कैबिनेट सचिव टीवी सोमनाथन को पत्र लिखकर आदेश जारी करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे. उनका कहना था कि इस तरह का फैसला लेने से पहले आयोग की सहमति नहीं ली गई.

चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में क्या कहा था?

इस मामले में चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में स्पष्ट किया था कि 28 जुलाई का आदेश लागू ही नहीं हुआ था. आयोग के मुताबिक, 30 जुलाई को जारी दूसरे आदेश के बाद पहले की व्यवस्था पर अमल रोक दिया गया था. आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी कहा कि नया आदेश जुलाई के फैसले को पलटना नहीं है, क्योंकि पुरानी व्यवस्था कभी लागू ही नहीं हुई थी. 

Exit mobile version