Vistaar NEWS

हैप्पी शर्मा और सुमित गिरी… सांसद पप्पू यादव पर जूता फेंकने वाले कौन हैं ये दोनों दोस्त?

Happy Sharma and Sumit Giri

हैप्पी शर्मा और सुमित गिरी

Happy Sharma Sumit Giri Bulandshahr: बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के ऊपर रविवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दो लोगों ने जूता फेंक दिया. आरोप यह भी है कि आरोपी चाकू लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कक्ष में प्रवेश किए थे. हालांकि, आरोपियों को वहां पर मौजूद पप्पू यादव के समर्थकों ने दबोच लिया और पुलिस को सौंप दिया. अब बड़ा सवाल है कि आखिर यह चाकू कहां से आया. इसकी भी जांच की जा रही है. वहीं, आरोपियों ने कहा कि वे पप्पू यादव से सनातन धर्म और हिंदुओं के अपमान पर सवाल पूछने गए थे, लेकिन इस दौरान उनके समर्थकों ने मारपीट शुरू कर दी.

जानकारी के अनुसार, सांसद पर जूता फेंकने वाले दोनों आरोपी हैप्पी शर्मा और सुमित गिरी यूपी के बुलंदशहर के रहने वाले हैं. दोनों भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़े बताए जा रहे हैं. जिसमें एक आरोपी हैप्पी शर्मा बीजेपी का ग्रामीण मंडल का उपाध्यक्ष है और सुमित गिरी नगर सचिव के पद पर है. परिजनों ने बताया कि सुमित ने कहा था कि ऑफिस जा रहा हूं, लेकिन पता नहीं कैसे दिल्ली में सांसद के घर पहुंच गए. इसकी जानकारी भी टीवी के माध्यम से मिली.

दोनों आपस में हैं दोस्त

आरोपी हैप्पी शर्मा बीजेपी में ग्रामीण मंडल उपाध्यक्ष के साथ ही ठेकेदारी का काम करता है. वहीं, दूसरा आरोपी सुमित गिरी सिंकदराबाद के शहपानी गांव का रहने वाला है, भाजपा के सिकंदराबाद मंडल का नगर सचिव है और वह खेती एवं प्रॉपर्टी का काम करता है. दोनों आरोपी एक-दूसरे के दोस्त बताए जाते हैं. जांच में दोनों की साथ में फोटो भी मिली है.

ये भी पढ़ेंः पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हंगामा, युवक ने फेंका जूता, चाकू से हमले की कोशिश का दावा

क्या बोले आरोपी?

आरोपियों ने बताया कि वे बिना हथियार के सुरक्षा जांच के बाद अंदर प्रवेश किए थे. इस दौरान सांसद से सनातन धर्म और हिंदुओं के अपमान पर सवाल पूछना था, लेकिन उनके समर्थकों ने पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दिया. हालांकि, पप्पू यादव ने इस हमले को जानलेवा हमला बताते हुए हत्या की बड़ी साजिश करार दिया है. उन्होंने दिल्ली पुलिस पर भी लापरवाही के आरोप लगाए हैं. फिलहाल, पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

Exit mobile version