Vistaar NEWS

धौलपुर में मुस्लिम युवक ने उठाई कांवड़, जमकर लगाए हर-हर महादेव के नारे, अब हो रही तारीफ

मुस्‍ल‍िम युवक सद्दाम खान

मुस्‍ल‍िम युवक सद्दाम खान

Hindu-Muslim Unity Kanwar Yatra: सावन का पवित्र महीना चल रहा है. इस महीने भक्त भगवान को प्रसन्न करने के लिए तरह-तरह के जतन करते हैं. कोई व्रत रखता है तो कोई भगवान को मनाने के लिए कावड़ यात्रा निकालता है. इसमें ज्यादातर हिंदू धर्म के लोग ही भाग लेते हैं. इसी बीच धौलपुर जिले के सैपऊ उपखंड से हिंदू-मुस्लिम एकता की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जहां सद्दाम खान नाम का युवक कावड़ लेकर पहुंचा.

सद्दाम खान ने करीब 101 लीटर गंगाजल से भरी कांवड़ उठाई. इस दौरान सद्दाम और उनके साथी भगवान महादेव के जयकारे भी लगाते नजर आए. सैपऊ उपखंड के बाजार से जब कांवड़ यात्रा निकली तो लोगों ने इस अनोखी यात्रा का स्वागत किया. हर कोई इसे हिंदू-मुस्लिम भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल बता रहा है.  

सद्दाम की जमकर हो रही तारीफ

हर कोई अब सद्दाम की तारीफ कर रहा है. इसके साथ ही यह भी कह रहा है कि आज के माहौल में सद्दाम ने बहुत अच्‍छी पहल की है, इसका स्वागत होना चाहिए. सद्दाम और उनके साथियों ने मिलकर कांवड़ को सैपऊ स्थित ऐतिहासिक महादेव शिव मंदिर तक लेकर पहुंचे, जहां सावन के पहले सोमवार पर भगवान शिव का गंगाजल से अभिषेक किया गया.

मुस्लिम युवक सद्दाम खान ने क्या बताया?

सद्दाम खान ने बताया कि उनकी इस कांवड़ यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं था, बल्कि समाज को प्रेम, सद्भाव और आपसी सम्मान का संदेश देना भी था. उन्‍होंने कहा कि भारत की पहचान  गंगा-जमुनी तहजीब वाली रही है. हमने केवल इसी तहजीब को बढ़ाने की छोटी सी कोशिश की है.  

मुस्लिम युवक के साथ कांवड़ यात्रा में शामिल युवक मनीष कुमार ने बताया कि इस यात्रा का प्रस्ताव स्वयं सद्दाम खान ने रखा था. बस हम लोगों ने उसका साथ दिया. पूरे रास्‍ते हम लोग बदल-बदल का कांवड़ लेते रहे. ताकि किसी एक को समस्या न हो. उन्‍होंने बताया कि पूरे रास्‍ते लोगों का भरपूर साथ भी मिला.

ये भी पढ़ें:जनवरी महीने में बांकीपुर सीट पर हार हो गई थी तय! क्‍यों सवर्णों ने छोड़ द‍िया बीजेपी का साथ?

Exit mobile version