Input- शिवम सिंह
UP News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के बाद ससुराल पहुंची नई नवेली दुल्हन ने पहली ही रात अपने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया. मामला अब थाने तक पहुंच गया है और पुलिस दोनों पक्षों को समझाने में जुटी है.
दरअसल, मामला हमीरपुर जनपद के गोहांड कस्बे से जुड़ा है. जहां से विदा होकर दुल्हन राठ शहर अपने ससुराल पहुंची थी. शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद जब दूल्हा-दुल्हन पहली रात कमरे में पहुंचे तो दुल्हन ने दूल्हे के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया.
‘जबरदस्ती शादी करवा दी, मैं दूसरे युवक से प्यार करती हूं’
युवती का कहना है कि वह किसी और युवक से प्यार करती है और यह शादी उसकी मर्जी के खिलाफ कराई गई है. उसने आरोप लगाया कि उसके घरवालों ने मारपीट कर जबरदस्ती उसकी शादी कर दी.
वहीं दूल्हे ललादिमान कुशवाहा का कहना है कि अगर दुल्हन पहले ही अपनी मर्जी बता देती तो इतनी बदनामी नहीं होती और शादी ही नहीं की जाती.
दोनों पक्षों की आपसी सहमति से हुआ तलाक
मिथलेश कुमारी निवासी ग्राम विलरख थाना राठ (हमीरपुर) की शादी अपने मामा के घर से गोहाण्ड कस्बे से हुई है. रात मे दुल्हन मिथलेश कुमारी ससुराल पहुंची थी और सुबह वो पुलिस थाने पहुंच गयी है. दूल्हा धरम सिंह पुत्र ललादिमान कुशवाहा निवासी मुहल्ला बुधौलियाना थाना राठ (हमीरपुर) का रहने वाला है.
मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष राठ कोतवाली पहुंच गए और पुलिस से शिकायत की. पुलिस दोनों परिवारों को समझाने-बुझाने की कोशिश कर रही थी. लेकिन दुल्हन नहीं मानी थी. राठ थाने के कोतवाल राकेश सिंह ने बताया की थाने में दूल्हा, दुल्हन को बहुत समझाया गया. लेकिन दुल्हन नहीं मानी तो दोनों पक्षों में आपसी सहमति से दोनों मे तलाक हो गया है. दुल्हन अपने परिजनों के साथ वापस चली गयी है.
ये भी पढ़ें: लखनऊ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस पलटी, 5 लोगों की मौत, 20 घायल; ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा
