Vistaar NEWS

32 राज्यों और 11 देशों की होगी भागीदारी, आज से सजेगा अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला

ndia International Trade Fair 2026 Bharat Mandapam

नई दिल्ली. राजधानी के भारत मंडपम में 14 नवंबर से 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) का आगाज होने जा रहा है. विकास और विरासत की थीम पर आयोजित इस मेले में देश के 32 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के साथ 11 विदेशी देशों की भागीदारी रहेगी. केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल मेले का उद्घाटन करेंगे. इस अवसर पर पद्मश्री सम्मानित ओडिसी नृत्यांगना गुरु माधवी मुद्गल और उनका समूह विशेष प्रस्तुति देगा.

प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम के 17 विशाल हॉल में 3500 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पाद, हस्तशिल्प, खानपान, आधुनिक तकनीक और क्षेत्रीय संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे. मेले का प्रमुख आकर्षण हॉल नंबर 14 में तैयार किया गया हॉल ऑफ इंस्पिरेशन होगा. यहां कृषि तकनीक, ड्रोन, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े करीब 600 स्टार्टअप अपने नवाचार और नई तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे.

इस बार बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश को साझेदार राज्य बनाया गया है, जबकि दिल्ली, असम, झारखंड और पश्चिम बंगाल फोकस राज्य रहेंगे. अंतरराष्ट्रीय पवेलियन में थाईलैंड, ईरान, घाना, नेपाल, अफगानिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात, तुर्किये और चीन सहित 11 देशों के प्रदर्शक अपने खास उत्पादों को पेश करेंगे.

सांस्कृतिक कार्यक्रम और खानपान भी आकर्षण

व्यापार मेले में कारोबार के साथ मनोरंजन और खानपान की भी विशेष व्यवस्था की गई है. परिसर में 90 से अधिक फूड आउटलेट लगाए जाएंगे. वहीं, सात अलग-अलग मंचों पर कुल 87 सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे. इनमें मंगणियार सेडक्शन, ताल फ्राई, हरिहरन एवं पृथ्वी गंधर्व, सलीम-सुलेमान और रूहानियत जैसे कार्यक्रम प्रमुख होंगे. कुछ चुनिंदा कार्यक्रमों के टिकट बुक माय शो पर उपलब्ध रहेंगे, जबकि 19 राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद सामान्य प्रवेश टिकट से लिया जा सकेगा.

चार साल बाद बढ़े टिकट के दाम

मेले में प्रवेश के लिए इस बार टिकट दरों में चार साल बाद बढ़ोतरी की गई है. बिजनेस डे का टिकट 500 रुपये निर्धारित किया गया है. सामान्य दिनों में वयस्कों के लिए 100 और बच्चों के लिए 50 रुपये टिकट लगेगा. सप्ताहांत में वयस्कों का टिकट 200 और बच्चों का 100 रुपये रहेगा. वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सामान्य दिनों में वैध सरकारी पहचान पत्र दिखाने पर निशुल्क प्रवेश मिलेगा. बिजनेस डे और सामान्य दिनों के लिए अलग-अलग सीजन पास भी उपलब्ध होंगे.

ऑनलाइन और ऑफलाइन टिकट की सुविधा

दर्शक ऑनलाइन booking.indiatradefair.com और आईआईटीएफ-2026 मोबाइल ऐप के माध्यम से टिकट बुक कर सकेंगे. ऑफलाइन टिकट दिल्ली मेट्रो के 55 चुनिंदा स्टेशनों पर उपलब्ध रहेंगे. मोबाइल ऐप के जरिए टिकट बुकिंग के अलावा प्रदर्शकों की सूची, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का कैलेंडर और इंटरैक्टिव मैप की सुविधा मिलेगी. कारोबारी इसमें बीटूबी बैठकों के लिए पंजीयन भी कर सकेंगे. साथ ही हेल्पडेस्क और आपातकालीन सहायता के लिए एसओएस सुविधा भी उपलब्ध रहेगी.

आवागमन के लिए विशेष व्यवस्था

भारत मंडपम में प्रवेश के लिए भैरों रोड की ओर से गेट नंबर 3 और 4 तथा मथुरा रोड की तरफ से गेट नंबर 6 और 10 निर्धारित किए गए हैं. दर्शक दिल्ली मेट्रो और सार्वजनिक बसों से आयोजन स्थल तक पहुंच सकेंगे. ऐप आधारित कैब और ऑटो के लिए अलग पिकअप प्वाइंट बनाए गए हैं. बुजुर्गों और अन्य दर्शकों की सुविधा के लिए शटल बस, गोल्फ कार्ट और व्हीलचेयर की व्यवस्था भी रहेगी.

Exit mobile version