Father Kills Third Daughter: राजस्थान की राजधानी जयपुर से झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. जिस बच्ची को आंखें खोले सिर्फ 13 घंटे ही हुए थे. अपनी मां को भी देखा नहीं होगा कि इससे पहले ही उसने दुनिया को अलविदा कर दिया. इस घटना ने मानवता को भी शर्मसार कर दिया है. इसके साथ ही अस्पताल के स्टाफ पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. जानें क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह मामला जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक अस्पताल का है. जहां एक बच्ची जन्म लेने के बाद अच्छे से किसी को देखा भी नहीं. सिर्फ उसके रोने की आवाज सुनाई दी. इसके बाद हमेशा के लिए खामोश हो गई. पहले तो लगा कि सो रही होगी, लेकिन जब नर्स ने पास जाकर देखा तो उसके होश उड़ गए. क्योंकि बच्ची की मौत हो चुकी थी.
तीसरी बेटी पैदा होने से था नाराज
पुलिस के मुताबिक, रवि कुमार यादव (43), जो कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना इलाके का रहने वाला है. रवि ने अपनी पत्नी कोमल को 27 जुलाई को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था. 28 जुलाई की दोपहर सिजेरियन ऑपरेशन से बच्ची का जन्म हुआ. यह देखते ही रवि आगबबूला हो गया और हैवान बन गया. इस दौरान मौका पाकर अपनी ही बेटी का गला दबाकर हत्या कर दी. वजह सिर्फ इतनी थी कि उसकी पहले से दो बेटियां हैं और वह अब बेटियां नहीं, बल्कि बेटा चाहता था.
ये भी पढ़ेंः ‘हमारी विरासत बेटी ही संभालेगी’, राजस्थान में 10 साल की भाविका कंवर का पाग दस्तूर, हाथ में थमाई तलवार
आरोपी पिता गिरफ्तार
इस घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया. हालांकि, आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में अपना जुर्म कबूल लिया है. पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. लेकिन इस घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है.
