Jammu Kashmir: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोली स्थित CISF कैंप में मंगलवार शाम एक जवान ने अपने ही साथियों पर गोली चला दी. इस घटना में CISF के चार जवानों की मौत हो गई. मृतकों में एक असिस्टेंट कमांडेंट रैंक के अधिकारी के शामिल होने की खबर भी सामने आई है. घटना के बाद आरोपी हेड कॉन्स्टेबल को पुलिस के हवाले कर दिया गया है.
ड्यूटी बदलने के दौरान हुआ विवाद
अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना कठुआ के सेवा-II हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट यूनिट में शाम करीब 7 बजे हुई. ड्यूटी बदलने के दौरान CISF के जवानों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई. इसी दौरान 2009 बैच के एक डेक कॉन्स्टेबल ने अपने सहकर्मियों पर फायरिंग कर दी. शुरुआती तौर पर घटना को Fratricide यानी आपसी गोलीबारी के तौर पर देखा जा रहा है.
फायरिंग की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फायरिंग की असली वजह और इसके पीछे की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हो सकी हैं. घटना की जानकारी मिलते ही कठुआ जिला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. CISF की ओर से भी घटना की आंतरिक जांच की जा रही है.
CISF ने कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के दिए आदेश
CISF हेडक्वार्टर ने मामले की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए हैं. अधिकारियों के अनुसार, CISF के डीजी पूरी घटना की निगरानी कर रहे हैं. जांच में फायरिंग से पहले हुई बहस और अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है.
हिमाचल सीमा के पास है बसोली
बसोली का यह इलाका हिमाचल प्रदेश की सीमा के नजदीक स्थित है और इसकी सीमा हिमाचल के चंबा जिले से लगती है. फिलहाल पुलिस और CISF की टीमें घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं.
ये भी पढे़ं- जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट के बावजूद नहीं थम रहे आतंकी हमले, 10 दिनों में तीन लोगों की मौत
