Ram Beyond Religion Statement: प्रसिद्ध गीतकार और लेखक जावेद अख्तर अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं. एक बार फिर उन्होंने बेबाकी से एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि मेरी ये बात कई लोगों को बुरी लग सकती है, लेकिन राम हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में हैं. इस दौरान उन्होंने एक दोहा सुनाते हुए कहा कि राम सिर्फ एक इंसान की बात नहीं हैं. राम एक विचार हैं. रामायण फिल्म को लेकर जावेद अख्तर ने बताया कि अभी तक उन्होंने देखी नहीं है, लेकिन उनकी बेटी खूब तारीफ कर रही थी. पढ़ें जावेद अख्तर ने क्या कहा?
दरअसल, जावेद अख्तर ने यह बयान मुंबई में एक इवेंट के दौरान दिया है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. जावेद अख्तर ने कहा, ‘मेरी बात कुछ लोगों को बुरी भी लग सकती है, लेकिन राम हर भारतीय के खून में बसे हैं, चाहे वे किसी भी धर्म को मानते हों. वे जीवन जीने का एक ढंग हैं.’
#WATCH | Mumbai, Maharashtra: "…Ram is not just about a person; Ram is a morality. Ram is a way of living. Ram is certain aesthetics, certain morality…Ram is in the blood of every Indian, whatever religion they follow. He is a way of life…," says lyricist Javed Akhtar while speaking on the lines ‘Mann se Ravan jo nikale, Ram uske Mann main hai’ from ‘Pal Pal Hai Bhaari’ from Swades, a song penned by him.
— ANI (@ANI) November 17, 2026
‘मन से रावण जो निकाले, राम उसके मन में हैं’
उन्होंने आगे कहा, ‘राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं. राम एक नैतिकता हैं. राम जीने का एक तरीका हैं. राम कुछ खास सौंदर्यबोध और कुछ खास नैतिक मूल्यों का प्रतीक हैं. इस दौरान जावेद अख्तर ने फिल्म स्वदेश में लिखे भजन ‘पल-पल है भारी, वो विपदा है आई’ की लाइन को पढ़ते हुए कहा, ‘मन से रावण जो निकाले, राम उसके मन में हैं’.
सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बहार
इस दौरान जावेद अख्तर ने अब्दुल रहीम खान-ए-खान का एक दोहा सुनाया. रहिमन मुश्किल आ पड़ी, टेढ़े दोऊ काम (दोनों काम). सीधे से जग न मिले, उल्टे मिले न राम. राम एक शख्स नहीं हैं, वो उससे कहीं ज्यादा बड़े हैं. वो जीवन जीने का तरीका हैं. फिलहाल, जावेद अख्तर के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
