Jharkhand Accident: झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 4 बच्चों समेत 13 लोगों की मौत हो गई. रांची-पटना हाईवे पर यह हादसा रात करीब 2 बजे पैंकी इलाके में हुआ. जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार होकर 14 लोग मंदिर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही किसी अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई. जिसकी वजह से यह हादसा हुआ. मरने वाले सभी बिहार के नालंदा जिले के बताए जा रहे हैं. वहीं अभी एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है.
जानकारी के अनुसार, सभी मृतक बिहार के नालंदा जिले के जांघारों गांव के थे, जो झारखंड में रामगढ़ जिले के रजरप्पा मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे. लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. इस हादसे में कुल 13 लोगों की जान चली गई है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है, जिसका रामगढ़ सदर अस्पताल में इलाज जारी है.
14 लोग थे सवार
पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो में 14 लोग सवार थे, जो बिहार के नालंदा जिले से झारखंड के रामगढ़ जिले की रजरप्पा मंदिर जा रहे थे. लेकिन रात करीब 2 बजे जब स्कॉर्पियो कुजू थाना क्षेत्र अंतर्गत भाजपा कार्यालय के पास पहुंची तो यह हादसा हो गया. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने स्कॉर्पियो के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक 13 लोगों की जान जा चुकी थी.
इस हादसे की पुष्टि रामगढ़ सदर अस्पताल के डॉक्टर अनिल कुमार ने की है. डॉक्टर अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से 14 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया था. लेकिन 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि अभी एक व्यक्ति जीवित है. जिसका गंभीर हालत में इलाज जारी है.
