इंटरव्यू देने पहुंचा युवक तो उड़े होश, कंपनी निकली फर्जी और वेबसाइट भी 404, लुट गया सारा डेटा
जॉब के नाम पर युवक के साथ स्कैम
Job Scam: आज के समय में हर कोई चाहता है कि उसके पास एक अच्छी नौकरी हो, जिससे वह अपना जीवनयापन आसानी से कर सके. लेकिन इस समय नौकरी हासिल करना आसान नहीं है, लेकिन कई बार नौकरी की तलाश ही लोगों को ठगी का शिकार बना देती है.
ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां बेरोजगार युवक इंटरव्यू देने पहुंचा, लेकिन वहां पहुंचकर उसे पता चला कि जिस कंपनी ने बुलाया था, उसका कोई अस्तित्व ही नहीं है. ऑफिस का पता और वेबसाइट दोनों फर्जी निकले.
क्या है पूरा मामला
मामला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर सामने आया है, जहां युवक ने अपनी आपबीती साझा की. उसने बताया कि वह पिछले चार महीनों से बेरोजगार था और ऑपरेशंस मैनेजर की पोस्ट के लिए लगातार कोशिश कर रहा था. इसी दौरान उसे एक शानदार जॉब का ऑफर मिला. कंपनी की तरफ से बड़े ऑफिस का पता, सूट नंबर और कैलेंडर इनवाइट भेजा गया, जिससे उसे सब कुछ असली लगा.
इंटरव्यू के दिन जब वह तय समय पर ऑफिस पहुंचा, तो वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने चौंकाने वाली बात बताई. गार्ड ने कहा कि बिल्डिंग की 14वीं मंजिल पिछले छह महीनों से खाली पड़ी है और वहां निर्माण कार्य चल रहा है. साथ ही उस नाम की कोई कंपनी वहां मौजूद नहीं है.
कंपनी के कर्मचारियों से नहीं हो सका संपर्क
युवक ने तुरंत रिक्रूटर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला. जब उसने कंपनी की वेबसाइट खोली तो वह भी बंद हो चुकी थी और एरर दिखा रही थी. तभी उसे समझ आया कि यह पूरा जॉब ऑफर सिर्फ उसकी निजी जानकारी चुराने के लिए रचा गया जाल था.
जरूरी कागजात भी ले लिए
युवक ने बताया कि उसने इंटरव्यू प्रक्रिया के दौरान घर का पता, आईडी स्कैन, सोशल सिक्योरिटी नंबर और अपनी नौकरी का पूरा रिकॉर्ड साझा कर दिया था. बेरोजगारी और जल्द नौकरी पाने की उम्मीद में उसने बिना ज्यादा जांच-पड़ताल किए सारी जानकारी दे दी.
घटना का एहसास होते ही उसने तुरंत अपना क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कराया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर लोग अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई यूजर्स ने कहा कि नौकरी मिलने से पहले निजी दस्तावेज कभी साझा नहीं करने चाहिए, जबकि कुछ ने इसे बढ़ते डिजिटल स्कैम का उदाहरण बताया.
ये भी पढ़ें: होर्मुज स्ट्रेट पर किसका कंट्रोल? भारतीय जहाज पर फायरिंग के बाद उठ रहे सवाल, IRGC संभाल रहा ईरान!