Vistaar NEWS

DK शिवकुमार को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार, ऑटो ड्राइवर के मोबाइल से किया था कॉल

dk shivkumar

DK शिवकुमार

DK Shivakumar Threat: कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के सरकारी आवास और विधानसभा (विधान सौधा) को बम से उड़ाने की धमकी देने का मामला सामने आया है. इस मामले में बेंगलुरु पुलिस ने 20 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया है. हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने धमकी देने के लिए अपना फोन इस्तेमाल नहीं किया. बल्कि, एक ऑटो ड्राइवर के मोबाइल से पुलिसकर्मी को कॉल किया था. पुलिस ने आरोपी की पहचान कार्तिक आर के रूप में की है. वह बेंगलुरु के ब्यादराहल्ली इलाके का रहने वाला है.

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 5 नवंबर की शाम की है. कार्तिक ने नम्मा यात्री ऐप के जरिए एक ऑटो बुक किया था. ऑटो ड्राइवर भगवान्तराय को पैलेस ग्राउंड्स के पास से एक सवारी लेने की बुकिंग मिली. बुकिंग में दी गई जानकारी के मुताबिक वह अरमानेनगर की 18वीं क्रॉस पर पहुंचा. वहां पहुंचने के बाद उसने ग्राहक को फोन किया और उसकी लोकेशन पूछी.

फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को मुख्यमंत्री के आवास के अंदर बताया. उसने ऑटो ड्राइवर से कहा कि वह गेट पर तैनात किसी पुलिसकर्मी को फोन दे दे, ताकि वह उसे सही जगह का पता बता सके. ड्राइवर ने उसकी बात पर भरोसा कर अपना मोबाइल पास में मौजूद पुलिसकर्मी को दे दिया.

पुलिसकर्मी को दी धमाके की चेतावनी

पुलिसकर्मी ने जैसे ही फोन पर बात की, दूसरी तरफ से बम धमाके की धमकी दी गई. आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि मुख्यमंत्री के आवास और विधान सौधा में बम रखे गए हैं. उसने यह भी धमकी दी कि मुख्यमंत्री का काफिला गुजरने के दौरान धमाका किया जाएगा.

इसके बाद पुलिस ने तुरंत ऑटो की तलाशी ली और आसपास के इलाके की जांच की. ड्राइवर को जब पुलिस की कार्रवाई की वजह पता चली तो उसने साफ किया कि वह केवल ऐप पर मिली बुकिंग के आधार पर सवारी लेने आया था.

दो दिन बाद दर्ज हुई शिकायत

ऑटो ड्राइवर ने 7 नवंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. परिवार में मेडिकल इमरजेंसी होने के कारण वह घटना के तुरंत बाद शिकायत नहीं कर पाया था. पुलिस ने जांच के दौरान मोबाइल नंबर और ऐप की बुकिंग से जुड़ी जानकारी के आधार पर कार्तिक को पकड़ लिया. उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

शुरुआती जांच में उसके मानसिक रूप से परेशान होने की बात भी सामने आई है. हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(4) और 353(1)(b) के तहत कार्रवाई की गई है.

Exit mobile version