Vistaar NEWS

एक सरकारी नौकरी, करोड़ों का साम्राज्य! कृषि अधिकारी पुष्पा के घर लोकायुक्त की रेड में मिला सोना-नकदी का अंबार

Karnataka Lokayukta: कर्नाटक में आय से अधिक संपत्ति के खिलाफ लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई में सबसे ज्यादा चर्चा कृषि विभाग की अधिकारी पुष्पा के घर हुई छापेमारी की है. एक सरकारी अधिकारी के घर से जिस तरह भारी मात्रा में सोने के गहने और नकदी मिली, उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

शुरुआती जांच में सामने आया है कि गहनों की मात्रा इतनी अधिक थी कि उनकी कीमत का आकलन करने के लिए मौके पर सुनार को बुलाना पड़ा. फिलहाल गहनों और नकदी की गिनती व मूल्यांकन जारी है, इसलिए कुल संपत्ति का आधिकारिक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है.

कई शहरों में लोकायुक्‍त की छापेमारी

लोकायुक्त ने बुधवार को राज्य के सात शहरों में एक साथ 10 सरकारी अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी की. इन अधिकारियों पर अपनी वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. हालांकि इस कार्रवाई के दौरान सबसे ज्यादा ध्यान पुष्पा के घर से हुई बरामदगी ने खींचा.

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि उनकी घोषित आय और बरामद संपत्ति के बीच कितना अंतर है. यह संपत्ति किन स्रोतों से जुटाई गई.

स‍िर्फ पुष्‍पा नहीं कई लोग रडार पर

जांच के दायरे में सिर्फ पुष्पा ही नहीं हैं. लोकायुक्त ने बेंगलुरु, रायचूर, चित्रदुर्ग, तुमकुरु, शिवमोगा और कलबुर्गी समेत कई शहरों में इंजीनियरों, वन अधिकारियों, पंचायत अधिकारियों और अन्य सरकारी कर्मचारियों के घरों पर भी तलाशी ली.

इन सभी मामलों में दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड, जमीन-जायदाद और अन्य निवेशों की भी जांच की जा रही है. फिलहाल यह छापेमारी कर्नाटक में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान की सबसे चर्चित कार्रवाइयों में शामिल हो गई है.

ये भी पढ़ें:CG News: महादेव सट्टा ऐप का संचालक सौरभ चंद्राकर ओमान में गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी में जुटी एजेंसी

Exit mobile version