Police Line Security Breach: बिहार के कटिहार जिले में पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो करीब 10 से 12 दिनों तक पुलिसकर्मियों के साथ बैरक में रहा. वह खुद को पुलिसवाला बताता था. जांच के दौरान उसके पास से वर्दी, जूते और आईडी कार्ड बरामद हुए हैं. फिलहाल, बिहार पुलिस अब युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. इसके साथ ही उसकी मंशा का भी पता लगाने का प्रयास कर रही है. अभी तक यह खुलासा नहीं हो पाया है कि आखिर क्या वजह रही कि फर्जी रिकॉर्ड तैयार कर पुलिस लाइन में क्यों रहा.
जानकारी के अनुसार, एक शख्स कटिहार पुलिस लाइन में सिपाही बनकर कई दिनों तक रहा. लेकिन इस दौरान उसकी गतिविधियों पर कटिहार जिला बल में तैनात सिपाही सुनील कुमार महतो को शक हुआ, तो उन्होंने जांच-पड़ताल शुरू कर दी. इसकी जानकारी तुरंत पुलिस लाइन की परिवहन शाखा के प्रभारी सार्जेंट को दी. जांच के दौरान कई ऐसी संदिग्ध चीजें मिलीं, जो हैरान करने वाली हैं.
पुलिस खंगाल रही रिकॉर्ड
पुलिस ने जिस फर्जी शख्स को गिरफ्तार किया है. उसकी पहचान दीपक कुमार उर्फ दिलखुश कुमार के रूप में हुई है और वह मूल रूप से सहरसा जिले के डेकार थाना क्षेत्र का रहने वाला है. पुलिस को कई फर्जी कागजात मिले हैं, जिसके आधार पर पुलिस अब जांच करने के में जुटी है कि आखिर दीपक ने ये वर्दी और पहचान पत्र कहां से बनवाया? क्या पुलिस के नाम पर वर्दी का दुरुपयोग तो नहीं किया?
पूछताछ जारी
फिलहाल, पुलिस ने दीपक के पास मिली सामग्रियों को जब्त कर लिया है और उसके खिलाफ जांच अभी जारी है. अब सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर वह पुलिस लाइन के अंदर कैसे घुसा. यह भी पुलिसिया व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है. वर्तमान में दीपक पुलिस की गिरफ्त में है और उससे पूछताछ की जा रही है.
