Vistaar NEWS

विजय माल्या को झटका! SBI ने कोर्ट में द‍िया पाई-पाई का हिसाब, अभी भी ₹8,752 करोड़ बाकी

Vijay Mallya

विजय माल्या

Vijay Mallya: किंगफिशर एयरलाइंस के फाउंडर और यूनाइटेड ब्रुअरीज ग्रुप के पूर्व चेयरमैन विजय माल्या एक बार फिर चर्चा में हैं. पिछले कुछ महीनों पहले उनकी तरफ से दावा किया गया था कि जो भी पैसा देना था. वह सभी बैंकों को दे चुके हैं. अब उन्‍हें किसी का एक रुपया भी नहीं देना है. दावा यह भी किया था कि उनसे कर्ज से ज्यादा पैसों की वसूली की जा चुकी है. उनके इस दावे पर अब स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने बॉम्बे हाई कोर्ट में एक-एक पाई का हिसाब बताया है, जिसके मुताबिक अब भी माल्या को 8752 करोड़ देने हैं.

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की अगुवाई वाले बैंकों के कंसोर्टियम ने बॉम्बे हाई कोर्ट में दाखिल हलफनामे में इस दावे पर अलग तस्वीर पेश की है. बैंकों के मुताबिक, 31 अगस्त 2026 तक माल्या से करीब ₹8,751.86 करोड़ की रकम अभी भी वसूल की जानी बाकी है. यह राशि कानूनी और अन्य खर्चों को शामिल किए बिना है. मतलब अब अन्‍य खर्चे जोड़ दिए जाएं तो यह राश‍ि और बढ़ सकती है.

बैंकों ने हलफनामे में क्या कहा?

बैंकों के मुताबिक, कर्ज वसूली अधिकारी के जरिए करीब ₹10,270 करोड़ की अस्थायी वसूली हुई है. इसके अलावा डेट रिकवरी ट्रिब्यूनल (DRT) में मुकदमा दाखिल होने से पहले करीब ₹544.58 करोड़ भी रिकवर किए गए थे. हालांकि, बैंकों का कहना है कि अब तक हुई वसूली को कुल बकाया से अलग करके नहीं देखा जा सकता.

जनवरी 2026 में दाखिल पिछले हलफनामे में बैंकों ने करीब ₹8,135.63 करोड़ बकाया बताया था. बाद में ब्याज और अन्य देनदारियों के जुड़ने से यह रकम अगस्त तक बढ़कर ₹8,751.86 करोड़ हो गई.

माल्या की क्या दलील है?

किंगफिशर एयरलाइंस के संस्थापक विजय माल्या ने 2020 में बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया था. उनका कहना था कि बैंकों ने उनकी संपत्तियों से मूल देनदारी से ज्यादा रकम हासिल कर ली है. इसी आधार पर उन्होंने अपने खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही को खत्म करने की मांग की थी.

लेकिन SBI के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने उनकी दलील का विरोध किया है. बैंकों ने यह भी बताया कि मामले में कुर्क की गई कुछ हिस्सेदारियां अभी तक बेची नहीं गई हैं.

ये भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में 100 विधायकों का कटेगा टिकट! इंटरनल सर्वे के बाद सतर्क हुई बीजेपी

Exit mobile version