पंजाब: नौकरी छोड़ी तो मालिक ने किया मजदूर को किडनैप, फैक्ट्री में बनाया बंधक और कर दी पिटाई
युवक के अपहरण के समय का सीसीटीवी
Ludhiana kidnapping case: पंजाब के लुधियाना में एक 19 साल के लड़के के अपहरण का मामला सामने आया है. खास बात यह है कि यह अपहरण किसी फिरौती के लिए नहीं किया गया है. बल्कि अपनी वेतन और पुरानी नौकरी छोड़ने के कारण किया गया है. फैक्ट्री कर्मचारी ने जब महीनों से रुका वेतन न मिलने पर नौकरी छोड़ने का फैसला किया, तो उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ी है.
आरोप है कि नौकरी छोड़ने के कुछ समय बाद ही फैक्ट्री मालिक और उसके साथियों ने युवक का अपहरण कर लिया. उसे जबरन फैक्ट्री परिसर में बंद कर दिया.
वेतन न मिलने के कारण छोड़ी थी नौकरी
पीड़ित मजदूर का कहना है कि वह लंबे समय से वेतन मिलने का इंतजार कर रहा था, लेकिन बार-बार मांग करने के बावजूद उसे मेहनताना नहीं दिया गया. आर्थिक तंगी और मालिक के रवैये से परेशान होकर उसने काम छोड़ दिया. इसके बाद मालिक नाराज हो गया और कथित तौर पर अपने कुछ लोगों के साथ मिलकर उसे पकड़कर फैक्ट्री ले गया. वहां उसे बाहर निकलने नहीं दिया गया और दबाव बनाया गया कि वह दोबारा काम शुरू करे.
कैसे हुआ पूरे मामले का खुलासा
मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने में सफल रहा. बाहर आने के बाद उसने पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी. शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी और फैक्ट्री मालिक समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
इस घटना पर मजदूर संगठनों का कहना है कि किसी कर्मचारी को नौकरी छोड़ने पर इस तरह धमकाना या बंधक बनाना कानून का खुला उल्लंघन है. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित को न्याय दिलाने के साथ-साथ ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं.
ये भी पढ़ें:‘क्या फूलों की बरसात कर दें…’, बागी सांसदों को फिर सुनाई संजय राउत ने गालियां